बिहार उत्तरप्रदेश मध्यप्रदेश उत्तराखंड झारखंड छत्तीसगढ़ राजस्थान पंजाब हरियाणा हिमाचल प्रदेश दिल्ली पश्चिम बंगाल

LATEST NEWS

आरा में तीन दिन से लापता प्रापर्टी डीलर की गंगा दियारे में क्षत विक्षत हालत में मिली लाश, 15 दिन पहले मिली थी जान से मारने की धमकी

आरा में तीन दिन से लापता प्रापर्टी डीलर की गंगा दियारे में क्षत विक्षत हालत में मिली लाश, 15 दिन पहले मिली थी जान से मारने की धमकी

ARA : भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र से पिछले तीन दिन से लापता प्रापर्टी डीलर की लाश बरामद की गई है। सोमवार को उसका शव केवटिया गांव स्थित गंगा दियारा में क्षत विक्षत हाल में मिला। मृतक की पहचान स्व. रास बिहारी सिंह के बेटे रवि शंकर सिंह (27 साल) झौंआ गांव के रूप में की गई है। शव मिलने की सूचना के बाद गांव और आसपास के इलाके में सनसनी मच गई है।

बताया गया कि मृतक के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गहरे जख्म, बायां हाथ धड़ से अलग कटा, बाएं पंजरी पर गहरे जख्म के निशाना और दाहिने हाथ पर लाल रंग का निशान मिला है। मृतक के बड़े भाई रिशु कुमार ने बताया कि शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे रवि शंकर मां से मुर्गा पार्टी में जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वह रात में घर वापस नहीं लौटा।शनिवार की सुबह जब मां उसकी कमरे में गई तो वह वहां पर नहीं था। इसके बाद परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। जिसके बाद शनिवार की दोपहर बिहिया थाने में उसके दोस्तों पर अपहरण का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई। इसके बाद पुलिस लगातार उसकी खोजबीन कर रही थी।

पैसे को लेकर चल रहा था विवाद, घर पर आकर दी थी धमकी

रिशु कुमार ने बताया कि उसका भाई प्रॉपर्टी डीलर का काम करता था। वह जिस कंपनी में काम करता था, वहां उसने दो लोगों मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पिपरा गांव निवासी अनिल गौतम सिंह और सुमित श्रीवास्तव का पैसा ले लिया था, लेकिन जमीन रजिस्ट्री नहीं कराया। इसके कारण 15 दिन पहले दो लोग घर आकर भाई को जमीन की रजिस्ट्री नहीं होने पर अंजाम बुरा होने की धमकी दी थी। दोनों पर अपहरण के बाद उसकी हत्या कर शव को गंगा नदी के किनारे फेंकने का आरोप लगा है।

एसपी खुद कर रहे मॉनिटरिंग

वहीं, घटना की सूचना मिलते ही कृष्णगढ़ थाना अध्यक्ष पवन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमॉर्टम करवाया। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। इस मामले में SP नीरज कुमार सिंह ने बताया कि अपहरण की प्राथमिकी दर्ज करने के बाद जगदीशपुर SDPO राजीव चंद्र सिंह, बिहिया थानाध्यक्ष राजेश मालाकार और DIU की टीम लगातार खोजबीन कर रही थी। इसी बीच आज उसका शव बरामद हुआ। इस मामले में हमारी टीम तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान में जुटी है। जल्द ही इस मामले का भी खुलासा किया जाएगा।

परिजनों में मचा कोहराम

मृतक अपने तीन भाई और एक बहन में दूसरे स्थान पर था। उसके परिवार में मां उषा देवी, दो भाई रिशु, राहुल और एक बहन काजल है। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। इस घटना के बाद मृतक की मां उषा देवी और परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Suggested News