AI से बदलेगी बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था की तस्वीर, स्वास्थ्य मंत्री निशांत का स्मार्ट एम्बुलेंस और डिजिटल बेड मैनेजमेंट पर जोर
निशांत ने कहा कि AI आज बदलती दुनिया की पहचान और भविष्य की आवश्यकता है। व्यक्तिगत उपयोग के साथ-साथ इसके संस्थागत उपयोग पर भी हमें गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है। इसी दिशा में बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए AI को बढ़ावा दिया जा रहा
Bihar News : स्वास्थ्य मंत्री निशांत बुधवार को पटना में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित AI कार्यशाला– AI For Healthier Bihar में शामिल हुए। इस अवसर पर उपस्थित विभागीय पदाधिकारियों, तकनीकी संस्थानों के प्रतिनिधियों, विशेषज्ञों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के बीच अपने विचार साझा किए। साथ ही, AI आधारित तकनीकों पर केंद्रित विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न नवाचारों और उनके उपयोग की संभावनाओं को समझा।
निशांत ने कहा कि AI आज बदलती दुनिया की पहचान और भविष्य की आवश्यकता है। व्यक्तिगत उपयोग के साथ-साथ इसके संस्थागत उपयोग पर भी हमें गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है। इसी दिशा में बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए AI के व्यवस्थित और प्रभावी उपयोग की संभावनाओं पर काम किया जा रहा है।
स्वास्थ्य के क्षेत्र में AI रोगों की शुरुआती पहचान, जाँच, उपचार, मरीजों की स्थिति की निगरानी और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इसके माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े डेटा का संधारण और विश्लेषण बेहतर होगा, जिससे भविष्य की योजनाओं एवं कार्यक्रमों के निर्धारण में अधिक स्पष्टता और सटीकता आएगी।
उन्होंने कहा कि AI के साथ हमारे डॉक्टरों, नर्सों, ANM और आशा कार्यकर्ताओं की क्षमता बढ़ाना भी स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है। AI आधारित टेलीमेडिसिन और क्लिनिकल डिसीजन सपोर्ट के माध्यम से दूर-दराज के क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह की पहुँच बेहतर बनाने की दिशा में भी हम आगे बढ़ रहे हैं।
निशांत ने कहा हमारा उद्देश्य केवल आधुनिक तकनीक को अपनाना नहीं, बल्कि इसके माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण बनाना है। तकनीक तभी सार्थक है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे और प्रत्येक मरीज को समय पर बेहतर उपचार मिल सके।
इस कार्यशाला में राज्य के स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि, गेट्स फाउंडेशन के भारत कार्यालय की निदेशक अर्चना व्यास सहित फाउंडेशन के अन्य प्रतिनिधि, देश-विदेश से आए नवाचार एवं तकनीक के विशेषज्ञ, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, डॉक्टर, नर्स, टेक्नीशियन, एएनएम और आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं।