सड़क हादसे में नालंदा के एक ही गांव के 13 लोगों की मौत, रजरप्पा धाम जाने के दौरान भीषण दुर्घटना
रामगढ़ पुलिस ने हादसे में 13 लोगों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों में चार बच्चे, चार महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं। स्कॉर्पियो में कुल 14 लोग सवार थे। हादसे में बचा एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।
Bihar News : बिहार के नालंदा जिले के एक गांव में शनिवार की रात मातम पसर गया। झारखंड के रामगढ़ में हुए भीषण सड़क हादसे में नालंदा के 13 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में चार बच्चे, चार महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं। सभी लोग एक स्कॉर्पियो पर सवार होकर रजरप्पा धाम में मां छिन्नमस्तिका के दर्शन करने जा रहे थे। हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है।
यह दर्दनाक हादसा शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि करीब दो बजे रामगढ़ जिले के कुजू थाना क्षेत्र में रांची-पटना नेशनल हाईवे (NH-33) पर पैंकी गांव के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र के जंघारो गांव के 14 लोग स्कॉर्पियो में सवार होकर झारखंड के रजरप्पा मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी की एक अज्ञात वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। गाड़ी में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
नौकरी लगने की खुशी में रजरप्पा जा रहा था परिवार
बताया जा रहा है कि जंघारो गांव के एक युवक की नौकरी लगने की खुशी में परिवार और गांव के लोग रजरप्पा धाम में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे। इसी खुशी के मौके पर सभी लोग एक साथ स्कॉर्पियो से निकले थे। लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया।
चार बच्चे, चार महिलाएं और पांच पुरुषों की मौत
रामगढ़ पुलिस ने हादसे में 13 लोगों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों में चार बच्चे, चार महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं। स्कॉर्पियो में कुल 14 लोग सवार थे। हादसे में बचा एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। उसे रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। रामगढ़ के एसडीपीओ आलोक रंजन ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग बिहार के नालंदा जिले के रहने वाले थे। घटनास्थल से मिले दस्तावेजों और आधार कार्ड के आधार पर मृतकों की पहचान की जा रही है। वहीं, रामगढ़ सदर अस्पताल के सिविल सर्जन अनिल कुमार ने भी पुष्टि की कि सभी लोग नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र के जंघारो गांव के निवासी थे।
नालंदा में परिजनों के बीच मचा कोहराम
एक साथ 13 लोगों की मौत की खबर जंघारो गांव पहुंचने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। जिस घर में नौकरी लगने की खुशी में धार्मिक यात्रा की तैयारी थी, वहां अब अपनों को खोने का गम है। हादसे की खबर से पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। दुर्घटना में शामिल दूसरे वाहन की पहचान और उसकी तलाश की जा रही है।
राज की रिपोर्ट