अमेरिका से छुट्टी पर आया, खुले नाले में पलटी कार, आर्मी ऑफिसर के 20 साल के बेटे की दर्दनाक मौत

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां एक कार नाले के भीतर उल्टी पड़ी मिली। पुलिस के मुताबिक, कार यशवेंद्र चला रहे थे और उनकी महिला मित्र उनके साथ सह-यात्री के रूप में मौजूद थीं।

Road Accident- फोटो : news4nation

Road Accident :  एक बार फिर सड़क सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से एक होनहार युवा की मौत हो गई। अमेरिका में उच्च शिक्षा हासिल कर रहे 20 वर्षीय छात्र यशवेंद्र की ऐसे ही एक हादसे में दिल्ली में मौत हो गई। दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में उनकी महिला मित्र घायल हुई हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।


यह हादसा 24 जुलाई की सुबह दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के वसंत कुंज दक्षिण थाना क्षेत्र में नांगल देवत इलाके के पास हुआ। पुलिस के अनुसार, यशवेंद्र अपनी महिला मित्र के साथ कार से जा रहे थे। नांगल देवत ट्रैफिक सिग्नल के पास एक तीखे मोड़ पर अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया। सड़क पर फिसलन के कारण वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और नाले में जा गिरा। हादसे के दौरान कार पलट गई।


नाले में उल्टी पड़ी मिली कार

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां एक कार नाले के भीतर उल्टी पड़ी मिली। पुलिस के मुताबिक, कार यशवेंद्र चला रहे थे और उनकी महिला मित्र उनके साथ सह-यात्री के रूप में मौजूद थीं। दोनों को हादसे के बाद अस्पताल ले जाया गया। यशवेंद्र की हालत गंभीर थी। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल युवती का उपचार जारी है।


छुट्टियों में भारत आए थे दोनों

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यशवेंद्र और उनकी महिला मित्र अमेरिका के एक ही संस्थान में उच्च शिक्षा हासिल कर रहे थे। दोनों छुट्टियों में भारत आए हुए थे। पुलिस के अनुसार, हादसे से पहले दोनों अपने एक मित्र के घर रुके थे और शुक्रवार सुबह युवती के घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नांगल देवत रेड लाइट के पास तीखे मोड़ पर सड़क पर फिसलन के कारण कार अनियंत्रित हो गई। कुछ ही सेकंड में वाहन सड़क से नीचे उतरकर नाले में जा गिरा और पलट गया।


सड़क की स्थिति पर भी उठ रहे सवाल

प्रारंभिक जांच में पुलिस ने हादसे की संभावित वजह सड़क पर फिसलन और तीखे मोड़ पर वाहन का नियंत्रण बिगड़ना माना है। हालांकि, पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। यह हादसा एक बार फिर दिल्ली की सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था, खतरनाक मोड़ों, सड़क की स्थिति और जल निकासी व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े करता है। एक होनहार युवा, जो अमेरिका में उच्च शिक्षा हासिल कर रहा था, छुट्टियों में अपने परिवार के पास आया था, लेकिन सड़क पर कुछ सेकंड के भीतर हुए हादसे ने उसकी जिंदगी छीन ली।