भाजपा को बड़ा झटका, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने नितिन नवीन को सौंपा इस्तीफा ! अब बनाएंगे नया सियासी दल

पिछले कुछ दिनों से अन्नामलाई के बीजेपी छोड़ने की अटकलें तेज थीं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा थी कि वे पार्टी में अपना भविष्य नहीं देख रहे हैं।

Annamalai/Nitin Naveen- फोटो : news4nation

Annamalai :  तमिलनाडु बीजेपी की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के फायरब्रांड नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने बीजेपी छोड़ने का मन बना लिया है। बताया जा रहा है कि मंगलवार को उन्होंने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंप दिया। हालांकि इसे लेकर पार्टी या अन्नामलाई की ओर से अभी तक कुछ नहीं कहा जा रहा है। वहीं शाम 4 बजे उनकी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात होने की भी चर्चा है।


पिछले कुछ दिनों से अन्नामलाई के बीजेपी छोड़ने की अटकलें तेज थीं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा थी कि वे पार्टी में अपना भविष्य नहीं देख रहे हैं। तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष पद से हटने और नैनार नागेंद्रन को नई जिम्मेदारी मिलने के बाद से अन्नामलाई अपेक्षाकृत कम सक्रिय नजर आ रहे थे।


4 जून को बड़ा ऐलान 

इस बीच, कोयंबटूर में उनके समर्थकों द्वारा लगाए गए बड़े-बड़े पोस्टरों ने भी सियासी चर्चाओं को हवा दे दी। पोस्टरों पर “हमारे नेता, आइए और हमारा नेतृत्व कीजिए” जैसे नारे लिखे गए थे। अन्नामलाई के 4 जून को होने वाले जन्मदिन से पहले लगाए गए इन पोस्टरों को उनके संभावित नए राजनीतिक कदम से जोड़कर देखा जा रहा है।


अन्नामलाई ने 2021 से 2025 तक तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष रहते हुए कई आक्रामक अभियानों का नेतृत्व किया था। उन्होंने युवाओं और सोशल मीडिया पर मजबूत लोकप्रियता हासिल की। हालांकि 2026 विधानसभा चुनाव के दौरान वे पार्टी में अलग-थलग पड़ते दिखाई दिए।


भाजपा से मतभेद 

सूत्रों के अनुसार, AIADMK के साथ बीजेपी के गठबंधन और पार्टी के कुछ नेताओं को केंद्रीय नेतृत्व द्वारा अहम जिम्मेदारियां दिए जाने से भी अन्नामलाई नाराज बताए जा रहे हैं। हाल ही में त्रिभाषा नीति को लेकर उनकी टिप्पणी ने भी पार्टी के भीतर मतभेद की अटकलों को और तेज कर दिया। फिलहाल अन्नामलाई या बीजेपी की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन तमिलनाडु की राजनीति में इस घटनाक्रम को बड़े बदलाव के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।


पूर्व आईपीएस अधिकारी अन्नामलाई

पूर्व आईपीएस अधिकारी अन्नामलाई ने साल 2019 में भारतीय जनता पार्टी जॉइन की थी। कर्नाटक कैडर के पुलिस अधिकारी रहे अन्नामलाई ने नौकरी छोड़ राजनीति में कदम रखा और जल्द ही अपनी तेजतर्रार शैली, आक्रामक भाषणों और सोशल मीडिया पकड़ के कारण लोकप्रिय हो गए। 2021 में उन्हें तमिलनाडु बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। उनके नेतृत्व में बीजेपी ने राज्य में कई पदयात्राएं, भ्रष्टाचार विरोधी अभियान और द्रविड़ दलों के खिलाफ आक्रामक राजनीति की। युवा वर्ग के बीच उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है।


भाजपा से मोहभंग ! 

हालांकि पिछले कुछ समय से पार्टी नेतृत्व के साथ उनके संबंधों में खटास की चर्चा तेज थी। AIADMK के साथ बीजेपी के गठबंधन, संगठन में नए नेताओं को महत्व मिलने और खुद को निर्णय प्रक्रिया से अलग महसूस करने के कारण अन्नामलाई नाराज बताए जा रहे थे। त्रिभाषा नीति समेत कुछ मुद्दों पर उनकी राय भी पार्टी लाइन से अलग दिखी। यही वजह है कि तमिलनाडु बीजेपी में उनका राजनीतिक भविष्य और पार्टी से मोहभंग की अटकलें लगातार तेज होती गईं।