By Election Result 2026:तीन राज्यों के उपचुनावों की मतगणना शुरू, बिहार के बांकीपुर पर सबसे ज्यादा नजर, प्रशांत किशोर की पहली चुनावी परीक्षा, मध्यप्रदेश के दतिया- गुजरात के मंजलपुर में भी सियासी मुकाबला

By Election Result 2026: बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों के लिए आज सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हो गई है।

तीन राज्यों के उपचुनावों की मतगणना शुरू- फोटो : social Media

By Election Result 2026: बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों के लिए आज सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हो गई है। 30 जुलाई को हुए मतदान के बाद अब जनता का जनादेश खुलने लगा है। तीनों राज्यों में सबसे अधिक राजनीतिक चर्चा बिहार की बांकीपुर सीट को लेकर है, जहां जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पहली बार चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं मध्य प्रदेश की दतिया और गुजरात की मंजलपुर सीट पर भी भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा सियासी मुकाबला देखने को मिल रहा है।

मतदान प्रतिशत की बात करें तो मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर सबसे अधिक 71.44 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। गुजरात की मंजलपुर सीट पर 37.5 प्रतिशत और बिहार की बांकीपुर सीट पर 34.3 प्रतिशत वोटिंग हुई। कम मतदान के बावजूद बांकीपुर उपचुनाव पूरे देश की सियासी बहस का केंद्र बना हुआ है। यह सीट लंबे समय से भाजपा का अभेद्य गढ़ रही है और पार्टी यहां कभी चुनाव नहीं हारी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद यह सीट खाली हुई थी।

पटना के ए.एन. कॉलेज में बांकीपुर की मतगणना हो रही है। सुबह सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती शुरू हुई, जबकि 8:30 बजे से ईवीएम के वोटों की गिनती शुरू हो गई। पहला रुझान सुबह 9 बजे तक आने की उम्मीद है। मतगणना के लिए 15 टेबल लगाए गए हैं, जिनमें 14 टेबल पर मतों की गिनती हो रही है। हर राउंड के बाद आधिकारिक नतीजे घोषित किए जाएंगे और दोपहर करीब 3 बजे तक अंतिम परिणाम आने की संभावना है। यहां कुल 26 उम्मीदवार मैदान में हैं, लेकिन सबसे चर्चित मुकाबला जन सुराज के प्रशांत किशोर, भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा और अन्य प्रमुख दावेदारों के बीच माना जा रहा है।

मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर भी मतगणना तेज़ी से जारी है। यह सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता रद्द होने के बाद रिक्त हुई थी। यहां 15 राउंड में मतगणना पूरी होगी। 21 टेबलों में 20 टेबल ईवीएम और एक पोस्टल बैलेट के लिए निर्धारित की गई है। लगभग 350 अधिकारी-कर्मचारी मतगणना कार्य में जुटे हैं। मुख्य मुकाबला भाजपा के आशुतोष तिवारी और कांग्रेस के घनश्याम सिंह के बीच है, जबकि किन्नर संजना सहित कुल 21 उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा ने इस सीट पर पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा की जगह आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है।

उधर गुजरात की मंजलपुर विधानसभा सीट की मतगणना वडोदरा के भवन्स स्कूल में हो रही है। यहां पहले पोस्टल बैलेट और उसके बाद ईवीएम के वोटों की गिनती की जा रही है। मतगणना 19 राउंड में पूरी होगी। इसके लिए 14 ईवीएम टेबल और एक पोस्टल बैलेट टेबल बनाई गई है। 260 मतदान केंद्रों के वोटों की गिनती चरणबद्ध तरीके से की जा रही है। मुख्य मुकाबला भाजपा के सतीश गोविंदभाई पटेल और कांग्रेस के भिखाभाई रबारी के बीच है। कम मतदान के बावजूद दोनों दल अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं।

इन तीनों सीटों के नतीजों को केवल उपचुनाव का परिणाम नहीं, बल्कि हाल के छात्र आंदोलनों के बाद जनता, खासकर युवाओं के राजनीतिक रुझान की पहली बड़ी परीक्षा के रूप में भी देखा जा रहा है। इसलिए आज आने वाले नतीजे तीन राज्यों की राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय सियासी विमर्श को भी नई दिशा देने वाले माने जा रहे हैं।