Union Budget 2026: बजट मंच से निर्मला सीतारमण का नया रोडमैप, NIMHANS-2 की होगी स्थापना, ये दो शहर चुने गए, दिमाग़ी सेहत, ज्ञान-विज्ञान और महिला स्वावलंबन को लेकर एक साथ कई बड़े ऐलानों की घोषणा

सरकार की राजनीति अब सिर्फ़ सड़क, बिजली और पूंजी तक सीमित नहीं, बल्कि दिमाग़ी सेहत, ज्ञान-विज्ञान और महिला स्वावलंबन तक अपना दायरा फैलाने को तैयार है।

दिमाग़ी सेहत, ज्ञान-विज्ञान और महिला स्वावलंबन को लेकर एक साथ कई बड़े ऐलानों की घोषणा- फोटो : reporter

Union Budget 2026: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को संसद के पटल पर भारत का आम बजट पेश करते हुए यह साफ़ कर दिया कि सरकार की राजनीति अब सिर्फ़ सड़क, बिजली और पूंजी तक सीमित नहीं, बल्कि दिमाग़ी सेहत, ज्ञान-विज्ञान और महिला स्वावलंबन तक अपना दायरा फैलाने को तैयार है। बजट भाषण के दौरान उन्होंने ऐसे कई एलान किए, जिनके दूरगामी सियासी और सामाजिक मायने निकाले जा रहे हैं।

वित्त मंत्री ने अपने भाषण में उत्तर भारत की एक बड़ी सच्चाई को बेबाकी से रखा। उन्होंने कहा कि उत्तर भारत में मानसिक स्वास्थ्य के लिए एक भी समर्पित संस्थान नहीं है, जो अपने आप में एक गंभीर सवाल है। इसी कमी को दूर करने के लिए सरकार ने निमहांस-2 की स्थापना का एलान किया है। इसके लिए रांची और तेजपुर को चुना गया है। सियासी गलियारों में इसे स्वास्थ्य नीति में संतुलन साधने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है, ताकि मानसिक स्वास्थ्य को भी उतनी ही अहमियत मिले जितनी शारीरिक बीमारियों को दी जाती है।

पूर्वी भारत के लिए भी बजट में बड़ा सियासी तोहफ़ा रखा गया। वित्त मंत्री ने राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान की स्थापना का प्रस्ताव पेश किया। इससे न सिर्फ़ रचनात्मक प्रतिभाओं को मंच मिलेगा, बल्कि पूर्वी राज्यों में औद्योगिक और शैक्षणिक निवेश को भी रफ्तार मिलने की उम्मीद है। साथ ही, खगोल विज्ञान को बढ़ावा देने के लिए चार टेलिस्कोप इन्फ्रास्ट्रक्चर फैसिलिटी स्थापित करने का एलान किया गया, जिसे ज्ञान-विज्ञान की राजनीति में भारत की मजबूत मौजूदगी के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

स्वास्थ्य के साथ-साथ सरकार ने चिकित्सा पर्यटन को भी रणनीतिक सेक्टर मानते हुए पांच केंद्रों की स्थापना में राज्यों की मदद करने की घोषणा की। इसका मकसद भारत को वैश्विक मेडिकल हब के तौर पर पेश करना है।

महिला सशक्तिकरण के मोर्चे पर वित्त मंत्री ने SHE मार्ट्स का एलान कर सियासी संदेश साफ़ कर दिया। SHE यानी सेल्फ हेल्प ग्रुप, जिसके तहत ग्रामीण महिलाएं इन मार्ट्स की कप्तान होंगी। लखपति दीदी की तर्ज पर महिलाओं को क्रेडिट लिंक्ड मार्ट्स का जिम्मा सौंपने का प्रस्ताव रखा गया है, ताकि गांव की महिलाएं खुद की आजीविका खड़ी कर सकें और आत्मनिर्भर बनें।

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान स्थापित करने का प्रस्ताव किया है। आयुष फार्मेसियों और दवा परीक्षण प्रयोगशालाओं को उन्नत करना और अधिक कुशल लोग उपलब्ध कराना और जामनगर में विश्व स्वास्थ्य संगठन के वैश्विक पारंपरिक चिकित्सा केंद्र को अपग्रेड करने का प्रस्ताव है.