Modi Cabinet Reshuffle: पश्चिम बंगाल-असम जीत के बाद मोदी सरकार में बदलाव की सुगबुगाहट तेज, संगठन से सरकार तक में बड़े बदलाव संभव, बिहार के इन नेताओं को मिल सकता है स्थान

Modi Cabinet Reshuffle: पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनाव में मिली शानदार जीत के बाद भाजपा संगठन और केद्र सरकार में संभावित फेरबदल को लेकर सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।...

NDA सरकार में फेरबदल- फोटो : social Media

Modi Cabinet Reshuffle: पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनाव में मिली शानदार जीत के बाद भाजपा संगठन और केद्र सरकार में संभावित फेरबदल को लेकर सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

सूत्रों के मुताबिक, भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा अपनी नई टीम की घोषणा के बाद केंद्र सरकार में भी बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। माना जा रहा है कि संगठनात्मक बदलावों के साथ मंत्रिमंडल में भी नई रणनीति के तहत फेरबदल किया जा सकता है। कथित तौर पर मंगल पाण्डेय को संगठन में जगह मिल सकता है।

बता दें कि केंद्र में भाजपा ने सहयोगी दलों, खासकर जनता दल यूनाइटेड और तेलुगु देशम पार्टी के समर्थन से सरकार बनाई थी। हालांकि सूत्रों का कहना है कि अब तक एनडीए सहयोगियों के साथ अतिरिक्त मंत्री पदों को लेकर कोई औपचारिक बातचीत शुरू नहीं हुई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल की शुरुआत 9 जून 2024 को हुई थी। तब से अब तक केंद्रीय मंत्रिमंडल में कोई बड़ा विस्तार या फेरबदल नहीं हुआ है। ऐसे में लंबे समय बाद संभावित बदलावों की चर्चा ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है।

इसी बीच 21 मई 2026 को प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में होने वाली मंत्रिपरिषद की बैठक ने इन अटकलों को और तेज कर दिया है। हालांकि सरकारी स्तर पर इसे नियमित बैठक बताया जा रहा है। एक अधिकारी के अनुसार, देश इस समय मध्य पूर्व संकट जैसी चुनौतियों का सामना कर रहा है, इसलिए ऐसी बैठकों को सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा माना जाना चाहिए।

भाजपा नेताओं का मानना है कि यह संगठनात्मक बदलाव केवल वर्तमान राजनीतिक समीकरणों तक सीमित नहीं है, बल्कि पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव, राष्ट्रपति चुनाव और 2029 लोकसभा चुनाव की रणनीति को ध्यान में रखते हुए तैयारी कर रही है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार आने वाले दिनों में भाजपा संगठन और केंद्र सरकार दोनों स्तरों पर कई बड़े फैसले देखने को मिल सकते हैं।