कांग्रेस सांसद शशि थरूर के काफिले पर हमला ! गनमैन और ड्राइवर को बीच सड़क पर बनाया निशाना

विधानसभा चनावों की सरगर्मी के बीच कांग्रेस के सांसद शशि थरूर के काफिले पर केरल में हमला होने का मामला सामने आने पर पुलिस ने एक शख्स को हिरासत में लिया है.

Shashi Tharoor- फोटो : news4nation

Shashi Tharoor : कांग्रेस सांसद शशि थरूर के काफिले से जुड़े गनमैन और ड्राइवर पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले का यह मामला केरल के वंडूर में हुआ है। केरल में विधानसभा चुनाव की सरगर्मी तेज है और उसी वक्त शशि थरूर से जुड़े लोगों पर हमला होना एक सियासी साजिश माना जा रहा है। पुलिस ने इस घटना में एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।


पुलिस के अनुसार, यह घटना शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे थिरुवली के पास चेलिथोड इलाके में हुई। बताया जा रहा है कि सांसद उस समय कांग्रेस नेता एपी अनिल कुमार के चुनाव प्रचार कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।


एफआईआर के मुताबिक, चेलिथोड पुल पर सड़क संकरी होने के कारण जाम की स्थिति थी। इसी दौरान दो गाड़ियों में सवार कुछ लोगों ने सांसद के काफिले को रोक लिया। जब गनमैन ने रास्ता साफ कराने की कोशिश की, तो आरोपियों ने गनमैन और ड्राइवर पर हमला कर दिया।


वंडूर पुलिस ने बताया कि यह मामला गनमैन रतीश के. पी. की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है। पुलिस ने देर रात एक व्यक्ति को हिरासत में लिया, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि काफिले को रास्ता दिलाने के लिए आगे चल रही गाड़ी को केवल तेज चलने के लिए कहा गया था, जिसके बाद यह विवाद बढ़ गया।