Pakistan Espionage: न्यूड फोटो के बदले पाकिस्तानी जासूस को भेजा सीक्रेट वॉर प्लान! भारतीय एयरफोर्स के विंग कमांडर पर चार्जशीट में बड़े खुलासे
Pakistan Espionage: अधिकारी ने हनीट्रैप में फंसकर युद्ध की रणनीति, सैन्य ड्रोन, हथियार प्रणालियों और लड़ाकू विमानों की तैनाती से जुड़ी अहम जानकारियां पाकिस्तानी हैंडलर्स तक पहुंचाईं। ...
Pakistan Espionage:देश की सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारियों की कथित जासूसी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पाकिस्तानी जासूसों के संपर्क में रहने और भारतीय वायुसेना की गोपनीय सूचनाएं साझा करने के आरोप में गिरफ्तार विंग कमांडर को लेकर दिल्ली पुलिस की चार्जशीट में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोप है कि अधिकारी ने हनीट्रैप में फंसकर युद्ध की रणनीति, सैन्य ड्रोन, हथियार प्रणालियों और लड़ाकू विमानों की तैनाती से जुड़ी अहम जानकारियां पाकिस्तानी हैंडलर्स तक पहुंचाईं। इस मामले में सबसे हैरान करने वाला खुलासा एक न्यूड तस्वीर के बदले गोपनीय युद्ध योजना का पन्ना साझा करने को लेकर हुआ है।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की ओर से अदालत में दाखिल चार्जशीट में दावा किया गया है कि अधिकारी ने एक संदिग्ध पाकिस्तानी महिला जासूस से न्यूड तस्वीर हासिल करने के बदले युद्ध की गोपनीय योजना से संबंधित दस्तावेज का एक पन्ना साझा किया था। इतना ही नहीं, कथित तौर पर उसने हर न्यूड तस्वीर के बदले सीक्रेट वॉर प्लान का एक नया पन्ना भेजने की बात भी कही थी।
चार्जशीट के अनुसार, विंग कमांडर और संदिग्ध पाकिस्तानी जासूस के बीच 12 जनवरी से 1 अप्रैल के बीच व्हाट्सऐप पर लगातार बातचीत हुई। पुलिस का आरोप है कि इस दौरान अधिकारी ने सैन्य ड्रोन यूनिट की गोपनीयता, उसके परीक्षण, हथियार प्रणालियों और सैन्य गतिविधियों से संबंधित संवेदनशील सूचनाएं साझा कीं।
जांच में यह भी दावा किया गया है कि पाकिस्तानी हैंडलर ने अधिकारी के स्मार्टफोन में कथित तौर पर मैलवेयर या स्पाइवेयर इंस्टॉल करा दिया था। इसके जरिए सैन्य अधिकारियों के बीच होने वाले संवाद और दूसरी संवेदनशील जानकारियां हासिल करने की कोशिश की गई।पुलिस की चार्जशीट में दावा किया गया है कि आरोपी ने लद्दाख के लेह में लड़ाकू विमानों की तैनाती और उनकी आवाजाही से संबंधित जानकारियां भी साझा की थीं। इसके अलावा राजस्थान के सूरतगढ़ स्थित महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में होने वाले सैन्य अभ्यास की जानकारी भी कथित तौर पर पाकिस्तानी जासूस तक पहुंचाई गई।
डिजिटल साक्ष्यों की जांच में आरोपी और संदिग्ध जासूस के बीच कुल 3,008 व्हाट्सऐप चैट, 65 तस्वीरों का आदान-प्रदान, 42 वॉयस कॉल और चार वीडियो कॉल का रिकॉर्ड मिलने की बात चार्जशीट में कही गई है। इसके अलावा दोनों के बीच छह यूआरएल भी साझा किए गए थे।इस मामले में दिल्ली पुलिस ने 30 मई को 44 वर्षीय भारतीय वायुसेना के मौजूदा विंग कमांडर को गिरफ्तार किया था। उस पर पाकिस्तानी जासूसों के हनीट्रैप में फंसकर देश की सुरक्षा से जुड़ी गोपनीय जानकारियां लीक करने का आरोप है। इसके अलावा एक सहयोगी के मोबाइल फोन में भी कथित तौर पर डेटा चोरी करने वाला सॉफ्टवेयर इंस्टॉल करने का आरोप लगाया गया है।
बताया गया कि भारतीय वायुसेना को अधिकारी की संदिग्ध गतिविधियों की पहले से जानकारी थी। कई महीनों तक निगरानी और खुफिया सूचनाओं के विश्लेषण के बाद मामले की जानकारी इंटेलिजेंस ब्यूरो को दी गई। इसके बाद वायुसेना की ओर से दिल्ली पुलिस को सूचना दी गई और अधिकारी को गिरफ्तार किया गया।फिलहाल आरोपी तिहाड़ जेल में बंद है। मामला अदालत में विचाराधीन है और पुलिस की ओर से लगाए गए आरोपों की न्यायिक प्रक्रिया में जांच होनी बाकी है। सुरक्षा एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि संवेदनशील सैन्य सूचनाएं साझा करने के पीछे केवल एक अधिकारी की भूमिका थी या इसके पीछे कोई बड़ा जासूसी नेटवर्क भी सक्रिय था।