‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ विवाद: रणवीर इलाहाबादिया, समय रैना और अन्य के खिलाफ असम में FIR दर्ज, खुद सीएम हेमंत बिस्वा शर्मा ने ट्वीट कर दी जानकारी

'इंडियाज गॉट लेटेंट' शो के विवादित कंटेंट के कारण रणवीर इलाहाबादिया, समय रैना और अन्य के खिलाफ असम पुलिस ने FIR दर्ज की। शो में अश्लीलता को बढ़ावा देने के आरोप लगे हैं।

indias got talent - फोटो : social media

Ranveer allahbadia Controversy: 'इंडियाज गॉट लेटेंट' शो के एक विवादित एपिसोड के कारण यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया, समय रैना, आशीष चंचलानी, और अन्य के खिलाफ असम पुलिस ने अश्लीलता को बढ़ावा देने के आरोप में FIR दर्ज की है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इस घटना की जानकारी एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर दी, जिसमें उन्होंने बताया कि गुवाहाटी पुलिस ने इस शो में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कड़ा कदम उठाया है।

विवाद की जड़: रणवीर का अश्लील सवाल

यह विवाद तब शुरू हुआ जब शो के एक एपिसोड में रणवीर इलाहाबादिया ने एक प्रतियोगी से बेहद विवादित और अश्लील सवाल पूछा। उन्होंने प्रतियोगी से पूछा, "क्या आप अपने माता-पिता को जीवन भर सेक्स करते हुए देखना पसंद करेंगे या एक बार इसमें शामिल होकर इसे हमेशा के लिए बंद कर देंगे?" यह सवाल सुनते ही सोशल मीडिया पर आलोचनाओं का तूफान आ गया, और लोगों ने इसे शर्मनाक और असभ्य करार दिया।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

इस विवादित क्लिप के वायरल होने के बाद लोग रणवीर इलाहाबादिया और शो के अन्य पैनलिस्टों की कड़ी आलोचना कर रहे हैं। शो में दिखाए गए कॉन्टेंट को लेकर दर्शकों में गुस्सा और नाराजगी फैल गई है। समय रैना, अपूर्व मखीजा, जसप्रीत सिंह, और अन्य पॉपुलर यूट्यूबर्स भी इस विवाद में शामिल हैं।

FIR दर्ज और कानूनी कार्रवाई की मांग

वकील सत्यम सुराणा द्वारा रणवीर इलाहाबादिया और समय रैना के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी। उनका कहना है कि शो में शामिल लोगों ने बेहद अश्लील बातचीत की, जो समाज के लिए चिंताजनक है। सुराणा ने कहा, "मैं ऐसे लोगों को सजा दिलाने के लिए कानून का सहारा लेना चाहता हूं और हमें इसके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए।" इसके बाद राष्ट्रीय महिला आयोग में भी शिकायत दर्ज की गई है, जिसमें शामिल सभी लोगों पर महिलाओं के खिलाफ गलत शब्दों के इस्तेमाल का आरोप लगाया गया है।

रणवीर इलाहाबादिया ने मांगी माफी

विवाद बढ़ने के बाद, रणवीर इलाहाबादिया ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर माफी मांगी। वीडियो में उन्होंने कहा, "मेरे कमेंट मजाकिया नहीं थे और मुझे इस बात का बहुत दुख है।" हालांकि, लोगों का गुस्सा अभी भी शांत नहीं हुआ है और वे शो के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।