G7 Summit: पीएम मोदी से बोलीं इटली की पीएम मेलोनी- हम इंस्टाग्राम की सबसे मशहूर कपल, G-7 समिट में कूटनीति के बीच मेलोडी का तड़का,मोदी-मेलोनी की मुलाकात ने लूट ली महफिल

G7 Summit: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के बीच हुई गर्मजोशी भरी मुलाकात ने एक बार फिर चर्चित ‘मेलोडी’ ट्रेंड को सुर्खियों में ला दिया।...

मोदी-मेलोनी की मुलाकात ने लूट ली महफिल- फोटो : social Media

G7 Summit: फ्रांस में आयोजित G-7 शिखर सम्मेलन के दौरान दुनिया की सियासत जहां वैश्विक अर्थव्यवस्था, सुरक्षा और भू-राजनीतिक चुनौतियों पर मंथन कर रही थी, वहीं एक छोटी-सी मुलाकात ने सोशल मीडिया की दुनिया में फिर से हलचल मचा दी। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के बीच हुई गर्मजोशी भरी मुलाकात ने एक बार फिर चर्चित ‘मेलोडी’ ट्रेंड को सुर्खियों में ला दिया।

फ्रांस के एवियन में आयोजित G-7 सम्मेलन के दौरान जब दुनिया के बड़े नेता, जिनमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी शामिल थे, समूह तस्वीर के लिए एकत्र हो रहे थे, उसी दौरान मोदी और मेलोनी ने एक-दूसरे का मुस्कुराकर अभिवादन किया। यह महज कुछ सेकंड की मुलाकात थी, लेकिन उसकी गूंज सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक सुनाई देने लगी।

बताया जा रहा है कि मुलाकात के दौरान मेलोनी ने प्रधानमंत्री मोदी से कहा कि उनसे दोबारा मिलकर खुशी हुई। इसके बाद उन्होंने चुटीले अंदाज में कहा, हम इंस्टाग्राम पर सबसे मशहूर कपल हैं।  इस हल्के-फुल्के मजाक ने माहौल को और दिलचस्प बना दिया। दोनों नेताओं के बीच यह दोस्ताना संवाद देखते ही देखते इंटरनेट पर वायरल हो गया।

दरअसल, मेलोडी शब्द प्रधानमंत्री मोदी और जॉर्जिया मेलोनी के नामों को जोड़कर बनाया गया एक सोशल मीडिया ट्रेंड है, जिसने पिछले कुछ वर्षों में लाखों लोगों का ध्यान खींचा है। हर अंतरराष्ट्रीय मंच पर दोनों नेताओं की मुलाकात के बाद यह ट्रेंड फिर से चर्चा में आ जाता है। इस बार भी कुछ ऐसा ही हुआ।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि वैश्विक कूटनीति केवल सख्त बयानों और रणनीतिक समझौतों तक सीमित नहीं होती, बल्कि नेताओं के बीच व्यक्तिगत संवाद और सहज रिश्ते भी अंतरराष्ट्रीय संबंधों को नई ऊर्जा देते हैं। मोदी और मेलोनी की यह मुलाकात उसी कूटनीतिक सहजता की झलक मानी जा रही है।

हालांकि G-7 सम्मेलन का केंद्र वैश्विक मुद्दे रहे, लेकिन सोशल मीडिया की अदालत में मेलोडी ने एक बार फिर बड़ी-बड़ी राजनीतिक बहसों को पीछे छोड़ दिया। नतीजा यह हुआ कि अंतरराष्ट्रीय राजनीति के गंभीर मंच पर भी मुस्कुराहट और दोस्ताना संवाद की यह तस्वीर सबसे ज्यादा चर्चा बटोरने में कामयाब रही।

रिपोर्ट- हीरेश कुमार