NEET exam cancelled: NEET UG 2026 रद्द! पेपर लीक मामले की जांच अब CBI करेगी

NEET exam cancelled: NEET UG 2026 परीक्षा रद्द कर दी गई है। अब दोबारा परीक्षा होगी। पेपर लीक मामले की जांच CBI करेगी। जानें NTA का पूरा फैसला।

NEET UG 2026 की परीक्षा- फोटो : social media

NEET exam cancelled: राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी यानी NTA ने बड़ा फैसला लेते हुए 3 मई 2026 को हुई NEET UG 2026 परीक्षा को रद्द कर दिया है। यह फैसला भारत सरकार की मंजूरी के बाद लिया गया है। अब यह परीक्षा दोबारा कराई जाएगी। नई परीक्षा की तारीख जल्द घोषित की जाएगी।

सरकार ने इस पूरे मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी CBI को सौंपने का फैसला किया है। परीक्षा में पेपर लीक और गड़बड़ी के आरोप लगे थे। CBI अब सभी आरोपों की जांच करेगी। NTA ने कहा है कि वह जांच एजेंसी को पूरा सहयोग देगी और सभी जरूरी रिकॉर्ड और जानकारी उपलब्ध कराएगी। NTA ने साफ किया है कि दोबारा परीक्षा के लिए छात्रों को नया रजिस्ट्रेशन नहीं करना होगा। इसके लिए कोई अतिरिक्त फीस भी नहीं ली जाएगी। जो फीस पहले जमा की जा चुकी है, उसे छात्रों को वापस किया जाएगा।

NEET UG 2026 की परीक्षा

जानकारी के अनुसार, इस बार दोबारा होने वाली परीक्षा NTA अपने आंतरिक संसाधनों से आयोजित करेगी। परीक्षा से जुड़ी नई जानकारी और तारीखें जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट और अन्य माध्यमों से जारी की जाएंगी। गौरतलब है कि NEET UG 2026 की परीक्षा 3 मई को देशभर के परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई थी। इसके बाद राजस्थान और उत्तराखंड से पेपर लीक की शिकायतें सामने आईं। बताया गया कि सोशल मीडिया पर कुछ ऐसे प्रश्न वायरल हुए थे, जो असली प्रश्नपत्र से काफी मिलते-जुलते थे। राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप यानी SOG ने मामले की जांच शुरू की थी। जांच में 400 से ज्यादा सवालों का एक सेट मिला था। इनमें से 100 से ज्यादा सवाल बायोलॉजी और केमिस्ट्री के थे, जो असली परीक्षा में पूछे गए सवालों से काफी मेल खाते थे।

महानिदेशक विशाल बंसल ने क्या कहा?

SOG के अतिरिक्त महानिदेशक विशाल बंसल ने कहा था कि यह एक अनुमानित प्रश्नपत्र या टेस्ट सीरीज हो सकती है, लेकिन जांच में बड़ी साजिश की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। राजस्थान के कई शहरों और देहरादून में भी पूछताछ और छापेमारी की गई थी।महाराष्ट्र के लातूर की एक कोचिंग संस्था का नाम भी सामने आया था, जहां से कथित प्रश्नपत्र और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए गए थे। NTA ने इससे पहले कहा था कि परीक्षा पूरी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराई गई थी और सभी केंद्रों पर परीक्षा सामान्य तरीके से हुई थी। हालांकि 7 मई की रात कुछ संदिग्ध जानकारियां मिली थीं, जिन्हें जांच के लिए केंद्रीय एजेंसियों को भेजा गया। अब देशभर के लाखों छात्र नई परीक्षा तारीख का इंतजार कर रहे हैं।