NEET UG 2026: नीट यूजी 2026 री-एग्जाम का ऐलान, 21 जून को फिर से होगी परीक्षा, पेपर लीक के छीछालेदर के बाद सरकार का फैसला

NEET UG 2026::परीक्षा रद्द होने के बाद अब री-एग्जाम की तारीख घोषित कर दी गई है। नई अधिसूचना के अनुसार, नीट यूजी 2026 की पुनः परीक्षा 21 जून 2026 को पूरे देश में आयोजित की जाएगी।

NEET री-एग्जाम का डेट घोषित- फोटो : social Media

NEET UG 2026: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक यानी NEET UG को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। परीक्षा रद्द होने के बाद अब री-एग्जाम की तारीख घोषित कर दी गई है। नई अधिसूचना के अनुसार, नीट यूजी 2026 की पुनः परीक्षा 21 जून 2026 को पूरे देश में आयोजित की जाएगी।

यह निर्णय उस विवाद के बाद लिया गया है, जिसमें परीक्षा में पेपर लीक की गंभीर शिकायतें सामने आई थीं। इस साल 3 मई को देशभर के 22 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी, लेकिन अनियमितताओं के आरोपों के बाद परीक्षा को रद्द करने का फैसला किया गया।

इस पूरे मामले को लेकर गुरुवार को एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास पर हुई, जिसमें परीक्षा प्रणाली में सुधार और आगामी री-एग्जाम की तैयारी को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में उच्च शिक्षा सचिव विनीत जोशी, स्कूल शिक्षा सचिव संजय कुमार, राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी के महानिदेशक अभिषेक सिंह, सीबीएसई अध्यक्ष राहुल सिंह, केंद्रीय विद्यालय संगठन और नवोदय विद्यालय समिति  के आयुक्त सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

इसी बीच जांच एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने नीट पेपर लीक मामले में पांच लोगों को हिरासत में लिया है और दो अन्य संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, जांच का दायरा अब और बढ़ाया जा रहा है, और एनटीए से जुड़े कुछ अधिकारियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

सरकार का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों। अब सभी उम्मीदवारों की नजर 21 जून की परीक्षा पर टिकी हुई है।