LK Advani 99th Birthday: 99 साल के हुए लालकृष्ण आडवाणी, PM मोदी ने याद किया संघर्ष से शिखर तक का सफर, रथयात्रा से राम मंदिर आंदोलन तक की दिल छू लेने वाली कहानी

LK Advani 99th Birthday: भारतीय राजनीति के दिग्गज नेता, भारतीय जनता पार्टी के शिल्पकार और देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी 99 वर्ष के हो गए हैं।....

लालकृष्ण आडवाणी का जीवन के 100वें वर्ष में प्रवेश- फोटो : X

LK Advani 99th Birthday: भारतीय राजनीति के दिग्गज नेता, भारतीय जनता पार्टी के शिल्पकार और देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी 99 वर्ष के हो गए हैं। अपने जीवन के 100वें वर्ष में प्रवेश करने के इस खास मौके पर देशभर से उन्हें बधाइयां मिल रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विशेष आलेख लिखकर आडवाणी के लंबे राजनीतिक सफर, संघर्ष, विचारधारा और राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया। पीएम मोदी ने अपने संदेश में आडवाणी के जीवन के उन तमाम पड़ावों का जिक्र किया, जिन्होंने भारतीय राजनीति की दिशा और दशा बदलने में अहम भूमिका निभाई।

बंटवारे का दर्द झेला, फिर राष्ट्रसेवा को बनाया जीवन का मकसद

प्रधानमंत्री मोदी ने आडवाणी के जीवन के शुरुआती संघर्षों को याद करते हुए लिखा कि उन्होंने देश के विभाजन का दर्द झेला और विस्थापन के बाद नए सिरे से जिंदगी की शुरुआत की। मुश्किल हालात के बावजूद उन्होंने अपने सिद्धांतों और विचारधारा से समझौता नहीं किया। जनसंघ को मजबूत करने से लेकर भारतीय जनता पार्टी के गठन और विस्तार तक उनकी भूमिका बेहद अहम रही।पीएम मोदी ने कहा कि आडवाणी की मजबूत वैचारिक प्रतिबद्धता, गहरी समझ और अध्ययनशील व्यक्तित्व ने उन्हें भारतीय राजनीति में अलग पहचान दिलाई। पार्टी अध्यक्ष के तौर पर उन्होंने संगठन को नई ऊर्जा दी और भाजपा को देशव्यापी राजनीतिक ताकत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

सोमनाथ से अयोध्या तक रथयात्रा, भारतीय राजनीति का ऐतिहासिक अध्याय

आडवाणी के राजनीतिक जीवन का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने सोमनाथ से अयोध्या तक निकाली गई ऐतिहासिक रथयात्रा को भी याद किया। इस यात्रा ने देश की राजनीति में व्यापक हलचल पैदा की और राम मंदिर आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई।पीएम मोदी ने 1991 के लोकसभा चुनाव से जुड़ी अपनी यादें भी साझा कीं। उन्होंने बताया कि उस समय उन्हें आडवाणी का नामांकन पत्र तैयार करने और चुनाव प्रचार में सहयोग करने का अवसर मिला था। यह उनके राजनीतिक जीवन का एक महत्वपूर्ण अनुभव रहा।

आपातकाल में लोकतंत्र के लिए खड़े रहे आडवाणी

प्रधानमंत्री ने आपातकाल के दौर को याद करते हुए कहा कि आडवाणी उन नेताओं में शामिल थे, जिन्होंने लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष किया। गृह मंत्री के रूप में भी उन्होंने देश की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।मोदी ने उनके राजनीतिक व्यक्तित्व के अलावा साहित्य, संस्कृति और सिनेमा के प्रति प्रेम का भी उल्लेख किया। उन्होंने आडवाणी को एक गंभीर पाठक, कुशल लेखक और विचारशील व्यक्तित्व बताया।

राजनाथ सिंह और अमित शाह ने भी दी जन्मदिन की बधाई

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आडवाणी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में शुचिता, समर्पण और नेतृत्व के नए प्रतिमान स्थापित किए हैं। राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान अमूल्य है।वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें राष्ट्रसेवा का पर्याय, भाजपा का शिल्पकार और सिद्धांतनिष्ठ राजनेता बताया। उन्होंने कहा कि आडवाणी 99 वर्ष पूरे कर जीवन के 100वें वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं। भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं की ओर से उन्होंने उन्हें जन्मदिन की हार्दिक बधाई दी।

पीएम मोदी ने की स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी विशेष संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा कि 8 नवंबर एक अहम दिन है और इस अवसर पर उन्होंने आडवाणी के भारत के प्रति अविस्मरणीय योगदान को याद करते हुए एक आलेख लिखा है।आडवाणी का जीवन संघर्ष, संगठन निर्माण, वैचारिक प्रतिबद्धता और सार्वजनिक सेवा की लंबी दास्तान है। प्रधानमंत्री ने उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की।