Rahul Gandhi On Modi: ये नाकामी के सबूत हैं’, आखिर क्यों राहुल गांधी ने PM मोदी पर कसा तंज

Rahul Gandhi On Modi: पीएम मोदी ने तेल संकट के बीच वर्क फ्रॉम होम, ईंधन बचत और सोना न खरीदने की अपील की। राहुल गांधी ने इसे सरकार की नाकामी बताया।

राहुल गांधी ने PM मोदी पर कसा तंज- फोटो : twitter

Rahul Gandhi On Modi: पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और वैश्विक तेल संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ईंधन की बचत करने और विदेशी मुद्रा बचाने की अपील की है। रविवार को तेलंगाना के सिकंदराबाद में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने लोगों से कहा कि वे फिर से वर्क फ्रॉम होम जैसी आदतों को अपनाएं, पेट्रोल-डीजल का कम इस्तेमाल करें और एक साल तक शादियों के लिए सोना खरीदने से बचें।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कोरोना काल में देश ने वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन मीटिंग और वीडियो कॉन्फ्रेंस जैसी व्यवस्थाओं को अपनाया था और अब फिर से इन तरीकों को राष्ट्रीय हित में इस्तेमाल करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ रही हैं, इसलिए ईंधन की बचत करना जरूरी हो गया है। पीएम मोदी ने लोगों से खाने के तेल की खपत कम करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि भारत खाने के तेल और रासायनिक उर्वरकों का बड़े पैमाने पर आयात करता है, जिससे विदेशी मुद्रा खर्च होती है। उन्होंने किसानों से रासायनिक खाद का उपयोग आधा करने और प्राकृतिक खेती अपनाने का आग्रह किया।

राहुल गांधी ने पीएम मोदी के बयान पर दिया रिएक्शन

प्रधानमंत्री के बयान पर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि ये सलाह नहीं बल्कि सरकार की नाकामी का सबूत हैं। राहुल गांधी ने लिखा, “मोदी जी ने कल जनता से त्याग मांगे - सोना मत खरीदो, विदेश मत जाओ, पेट्रोल कम जलाओ, खाद और खाने का तेल कम करो, मेट्रो में चलो, घर से काम करो। ये उपदेश नहीं, ये नाकामी के सबूत हैं।” उन्होंने आगे कहा कि 12 साल में देश को ऐसी स्थिति में पहुंचा दिया गया है कि अब लोगों को बताया जा रहा है कि क्या खरीदना है और क्या नहीं। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार हर बार जिम्मेदारी जनता पर डाल देती है ताकि खुद जवाबदेही से बच सके।