NDA की मंगल मिलन बैठक में PM मोदी का सख्त संदेश, बोले- NEET पेपर लीक के दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
PM Mangal Milan Meeting:पीएम मोदी ने सरकार की प्राथमिकताओं और विपक्ष के हमलों के बीच स्पष्ट संदेश दिया। पीएम मोदी ने NEET पेपर लीक मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि परीक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ..
PM Mangal Milan Meeting: कॉकरोच जनता पार्टी का फिर से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन शुरू हो गया है।इसी बीच संसद के मानसून सत्र के बीच एनडीए संसदीय दल की बैठक आज यानी मंगलवार को पहली बार मंगल मिलन के नाम से आयोजित की गई। नई दिल्ली स्थित संसद पुस्तकालय भवन के जीएमसी बालयोगी ऑडिटोरियम में हुई इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत एनडीए के कई दिग्गज नेता शामिल हुए।
बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने सरकार की प्राथमिकताओं और विपक्ष के हमलों के बीच एनडीए सांसदों को स्पष्ट संदेश दिया। पीएम मोदी ने NEET पेपर लीक मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि परीक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
पीएम मोदी ने साफ किया कि सरकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को नहीं छोड़ेगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बनाए रखना सरकार की बड़ी जिम्मेदारी है और दोषियों को कानून के तहत सख्त सजा दिलाई जाएगी।
बैठक में भारत-अमेरिका व्यापार समझौते (ट्रेड डील) को लेकर भी चर्चा हुई। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस समझौते से भारतीय किसानों के हितों पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा। सरकार किसानों के हितों की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
NDA संसदीय दल की इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, जी. किशन रेड्डी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।इसके अलावा केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, किरेन रिजिजू और अर्जुन राम मेघवाल भी बैठक में पहुंचे। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बैठक के बाद जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री ने पेपर लीक मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।
मानसून सत्र के पहले दिन NEET पेपर लीक के मुद्दे पर विपक्ष ने संसद में जोरदार हंगामा किया था और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई थी। ऐसे में NDA की यह बैठक राजनीतिक और रणनीतिक रूप से बेहद अहम मानी जा रही है।
बैठक में एनडीए सांसदों को विपक्ष के आरोपों का तथ्यों के आधार पर जवाब देने और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। संसद सत्र के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जारी सियासी घमासान के बीच प्रधानमंत्री का यह संदेश NDA के लिए एकजुटता और आक्रामक जवाबी रणनीति का संकेत माना जा रहा है।