संसद में छात्रों के मुद्दे पर घमासान, राहुल-प्रियंका का केंद्र पर हमला, बिहार के सीवान में AK-47 के इस्तेमाल का मुद्दा गरमाया, एग्जाम बिल के बीच विपक्ष का हंगामा

Rahul Gandhi: संसद के मॉनसून सत्र के छठे दिन छात्रों के मुद्दे पर सत्ता और विपक्ष आमने-सामने आ गए। ....

संसद में छात्रों के मुद्दे पर घमासान- फोटो : social Media

Rahul Gandhi: संसद के मॉनसून सत्र के छठे दिन छात्रों के मुद्दे पर सत्ता और विपक्ष आमने-सामने आ गए। विपक्षी सांसदों के जोरदार हंगामे के चलते लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होते ही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई। इसी बीच केंद्र सरकार ने लोकसभा में 'पब्लिक एग्जामिनेशन (गलत तरीकों से बचाव) अमेंडमेंट बिल, 2026' पेश करने की तैयारी की।

इस दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री से माफी की मांग को लेकर कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि बिहार और पश्चिम बंगाल में अब भी छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही हैं। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस सूचना का अभी स्वतंत्र रूप से सत्यापन नहीं हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि समझौते की बात हो चुकी है, तो फिर छात्रों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने का क्या औचित्य है।

वहीं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने लिखा कि छात्रों के खिलाफ पूरा सिस्टम ही जानलेवा बन गया है। राहुल गांधी ने दावा किया कि बिहार में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर AK-47 से गोलियां चलाई गईं और सैकड़ों छात्रों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री से सवाल किया कि छात्रों पर एफआईआर नहीं करने और उन्हें रिहा करने का वादा कहां गया।

राहुल गांधी ने आगे आरोप लगाया कि दिल्ली में छात्रों पर पेलेट गन और बिहार में AK-47 का इस्तेमाल हुआ। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार और दिल्ली—हर जगह छात्रों के साथ कार्रवाई का एक जैसा पैटर्न दिखाई दे रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री से छात्रों से माफी मांगने और छात्रों पर कार्रवाई करने के बजाय कथित हमले के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।

रिपोर्ट- नरोत्तम कुमार सिंह