राज्यसभा चुनाव: मल्लिकार्जुन खड़गे ने भरा नामांकन, राहुल गांधी समेत कांग्रेस के दिग्गज रहे मौजूद

Mallikarjun Kharge- फोटो : news4nation

Congress : कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने शुक्रवार को कर्नाटक से राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। बेंगलुरु विधान सौधा में दाखिल किए गए नामांकन के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधीi, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, पूर्व मुख्यमंत्री Siddaramaiah, कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला, और केसी वेणुगोपाल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। 


अधिकारियों के अनुसार, खड़गे ने अपना नामांकन विधानसभा सचिव एम.के. विशालाक्षी को सौंपा। राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में कार्यरत खड़गे का मौजूदा कार्यकाल 25 जून को समाप्त हो रहा है और कांग्रेस ने उन्हें एक बार फिर कर्नाटक से उम्मीदवार बनाया है।कांग्रेस ने कर्नाटक की तीन सीटों के लिए खड़गे के अलावा पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा तथा एआईसीसी सचिव मंसूर अली खान को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार दोनों नेता भी जल्द ही अपना नामांकन दाखिल करेंगे।  


 पांच राज्यों में सात उम्मीदवारों  

राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने पांच राज्यों से कुल सात उम्मीदवार उतारे हैं। कर्नाटक से मल्लिकार्जुन खड़गे, पवन खेड़ा और मंसूर अली खान को टिकट मिला है। वहीं मध्य प्रदेश से वरिष्ठ कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन, राजस्थान से मौजूदा सांसद नीरज डांगी, तमिलनाडु से पार्टी के डेटा एनालिटिक्स विभाग के प्रमुख प्रवीन चक्रवर्ती और झारखंड से प्रवण झा को उम्मीदवार बनाया गया है।  


कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि इन उम्मीदवारों के जरिए पार्टी संसद के उच्च सदन में अपने राजनीतिक और संगठनात्मक प्रतिनिधित्व को और मजबूत करेगी। पार्टी ने ऐसे नेताओं को प्राथमिकता दी है, जिन्होंने संगठन में लंबे समय तक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।  


गौरतलब है कि 18 जून को राज्यसभा की 24 सीटों के लिए चुनाव होने हैं। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून निर्धारित की गई है।