Bihar CM: बिहार मिशन पर CM , विकास मॉडल पर दिल्ली में हाईलेवल मंथन,आज राष्ट्रपति से मिलेंगे सम्राट

Bihar CM: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी राजधानी दिल्ली के अहम दौरे पर हैं। वे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे।

दिल्ली दरबार में बिहार की दस्तक!- फोटो : social Media

Bihar CM: बिहार की राजनीति इन दिनों दिल्ली दरबार के इर्द-गिर्द घूमती नजर आ रही है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी राजधानी दिल्ली के अहम दौरे पर हैं। दौरे के दूसरे दिन आज यानी शुक्रवार को वे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे। इस मुलाकात को सिर्फ औपचारिक नहीं, बल्कि राजनीतिक और प्रशासनिक नजरिए से बेहद अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री राष्ट्रपति को बिहार आने का न्योता देंगे और साथ ही राज्य के विकास, सामाजिक बदलाव और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा कर सकते हैं।

सूत्रों की मानें तो सम्राट चौधरी राष्ट्रपति के सामने बिहार सरकार की उपलब्धियों का पूरा रिपोर्ट कार्ड पेश करेंगे। खास तौर पर महिलाओं के सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास, शिक्षा व्यवस्था और इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं को लेकर सरकार की योजनाओं की जानकारी साझा की जाएगी। राजनीतिक गलियारों में इसे बिहार की ब्रांडिंग और निवेश आकर्षित करने की बड़ी कवायद माना जा रहा है।

इससे पहले गुरुवार देर शाम मुख्यमंत्री ने दिल्ली में बिहार कैडर के IAS और IPS अधिकारियों के साथ हाईलेवल बैठक की। बैठक में सम्राट चौधरी ने साफ कहा कि विकसित बिहार का सपना सिर्फ सरकार नहीं, बल्कि प्रशासनिक मशीनरी के सक्रिय सहयोग से ही पूरा होगा। उन्होंने अफसरों से पारदर्शी शासन व्यवस्था, तेज प्रशासनिक सुधार और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की अपील की।

बैठक में बिहार के लिए निवेश फ्रेंडली माहौल तैयार करने, बेहतर गवर्नेंस मॉडल लागू करने और दीर्घकालिक प्रशासनिक सुधारों पर भी गंभीर चर्चा हुई। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में बिहार सरकार प्रशासनिक स्तर पर कई बड़े फैसले ले सकती है। राष्ट्रपति से मुलाकात से पहले मुख्यमंत्री ने उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से भी मुलाकात की। करीब आधे घंटे चली इस बातचीत में बिहार के विकास, केंद्र-राज्य समन्वय और भविष्य की योजनाओं को लेकर अहम चर्चा हुई। दिल्ली दौरे ने बिहार की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है।