विजय को मिला 118 विधायकों का समर्थन, अब बनेंगे तमिलनाडु के मुख्यमंत्री, इस दिन होगा थलापति का शपथ
पार्टी को पहले ही कांग्रेस के 5, CPI के 2 और CPI(M) के 2 विधायकों का समर्थन मिल चुका था। अब VCK के 2 विधायकों के समर्थन के बाद विजय के नेतृत्व वाले गठबंधन के पास कुल 119 विधायकों का समर्थन हो गया है
Tamil Nadu : विजय के नेतृत्व में तमिलनाडु में सरकार गठन का रास्ता अब लगभग साफ हो गया है। विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के छह दिन बाद विदुथलाई चिरुथैगल काची (VCK) ने आखिरकार तमिझगा वेत्री कझगम (TVK) को समर्थन पत्र सौंप दिया है। VCK अध्यक्ष थोल. थिरुमावलवन की तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें वह TVK नेता आधव अर्जुना को समर्थन पत्र सौंपते नजर आ रहे हैं। VCK के समर्थन के बाद TVK के पास सरकार बनाने के लिए जरूरी बहुमत का आंकड़ा पूरा हो गया है।
234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में TVK ने 108 सीटों पर जीत दर्ज की है। पार्टी को पहले ही कांग्रेस के 5, CPI के 2 और CPI(M) के 2 विधायकों का समर्थन मिल चुका था। अब VCK के 2 विधायकों के समर्थन के बाद विजय के नेतृत्व वाले गठबंधन के पास कुल 119 विधायकों का समर्थन हो गया है, जो बहुमत के आंकड़े 118 से एक अधिक है।
इस राजनीतिक घटनाक्रम के बीच कांग्रेस ने संभावित हॉर्स ट्रेडिंग की आशंका को देखते हुए अपने पांच विधायकों को हैदराबाद भेज दिया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार मेलूर से विधायक पी. विश्वनाथन विधायकों के इस समूह का नेतृत्व कर रहे हैं। वहीं राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि TVK सरकार बनने पर पी. विश्वनाथन को मंत्री पद की जिम्मेदारी दी जा सकती है।