महायज्ञ के दौरान लगी भीषण आग, धू-धूकर जली यज्ञशाला, दमकल की कई गाड़ियों ने संभाला मोर्चा

बताया जा रहा है कि नारियल फटने से आग भड़क उठी, हालांकि आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

fire broke out at Mahayagna - फोटो : news4nation

Fire : अयोध्या में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। सरयू नदी के किनारे आयोजित एक महायज्ञ के दौरान अचानक आग लगने से यज्ञशाला में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे पंडाल को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब 6 दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग बुझा ली गई, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह घटना यज्ञ में दी जा रही महा-आहुति के दौरान हुई। बताया जा रहा है कि नारियल फटने से आग भड़क उठी, हालांकि आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। जानकारी के मुताबिक, सरयू नदी के किनारे माझा जमथरा इलाके में श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा था। राम नवमी के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का आयोजन उत्तर प्रदेश सरकार में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह की ओर से कराया गया था।


मिली जानकारी के अनुसार यह महायज्ञ 20 मार्च से 28 मार्च तक आयोजित किया गया था, जिसका नेतृत्व उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह कर रहे हैं. सुबह लगभग 11:30 बजे पूर्णाहुति के साथ यज्ञ संपन्न हो गया था और श्रद्धालु वहां से जा चुके थे. इसी दौरान अचानक अज्ञात कारणों से आग लग गई.घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचा. निखिल टीकाराम फुंडे और डॉ. गौरव ग्रोवर ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया. 


यह यज्ञशाला श्री राम जन्मभूमि मंदिर से करीब 800 मीटर की दूरी पर स्थित है। घटना के समय गोसाईगंज के विधायक अभय सिंह भी मौके पर मौजूद थे। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।