Gyanesh Kumar: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के घर तक पहुंचा SIR का संग्राम, पोती गई कालिख
Gyanesh Kumar,: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का विरोध उनके आगरा स्थित पैतृक आवास तक पहुंच गया।
Gyanesh Kumar,: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का विरोध आज यानी सोमवार को उनके आगरा स्थित पैतृक आवास तक पहुंच गया। विजय नगर कॉलोनी स्थित आवास पर प्रदर्शनकारियों ने गेट और दीवारों पर कालिख पोत दी और पेंट से ‘वोट चोर’ तथा ‘ज्ञानेश कुमार गद्दार हैं’ जैसे नारे लिख दिए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लिखे गए नारों व कालिख को हटाने की कार्रवाई शुरू की।
रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदर्शनकारी सोमवार सुबह करीब 11 बजे बैनर लेकर आवास के बाहर पहुंचे। वहां नारेबाजी करते हुए उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की। पुलिस अब आवास के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर कालिख पोतने और नारे लिखने वालों की पहचान करने में जुटी है।
दरअसल, स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर कांग्रेस और विपक्षी दलों का विरोध पिछले कुछ दिनों में तेज हुआ है। कांग्रेस ने 25 सितंबर को देश के कई हिस्सों में प्रदर्शन कर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उन्हें पद से हटाने की मांग की थी। पटना समेत कई जगहों पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया था।
कांग्रेस का यह अभियान एक रिपोर्ट के बाद और तेज हुआ, जिसमें निर्वाचन आयोग के भीतर SIR से जुड़े कुछ फैसलों पर चुनाव आयुक्तों के बीच मतभेद और आपत्तियों का उल्लेख किया गया था। कांग्रेस इन घटनाक्रमों को लेकर निर्वाचन आयोग की भूमिका पर सवाल उठा रही है। दूसरी ओर, निर्वाचन आयोग ने SIR से जुड़े आदेशों को सभी तीनों चुनाव आयुक्तों की मंजूरी से जारी किए जाने की बात कही है।
आगरा में प्रदर्शन के साथ ही कांग्रेस ने सोमवार को विभिन्न राज्यों में जिला मुख्यालयों तक मार्च और प्रदर्शन का कार्यक्रम भी रखा था। इस पूरे विवाद का केंद्र SIR, मतदाता सूची में बदलाव और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर उठाए जा रहे राजनीतिक सवाल हैं।