सर्किट हाउस में खाली सड़क पर पढ़ ली नमाज, हिंदू संगठनों के बवाल के बाद सपा नेता पर दर्ज हुआ केस
बिलारी से सपा विधायक मोहम्मद फहीम इरफान के चाचा और पार्टी के जिला उपाध्यक्ष हाजी मोहम्मद उस्मान द्वारा परिसर में नमाज पढ़े जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में सरकारी सर्किट हाउस परिसर में नमाज पढ़ने का कथित वीडियो सामने आने के बाद विवाद बढ़ गया है। वायरल वीडियो में समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष और पूर्व जिलाध्यक्ष हाजी मोहम्मद उस्मान अपनी गाड़ी के पीछे नमाज अदा करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद हिंदू संगठनों ने सरकारी परिसर में धार्मिक गतिविधि को लेकर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की।
मामला 3 सितंबर का बताया जा रहा है। उस दिन उत्तर प्रदेश विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव मुरादाबाद के सर्किट हाउस पहुंचे थे। यहां सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ एमएलसी चुनाव को लेकर बैठक हुई थी। बैठक के बाद बिलारी से सपा विधायक मोहम्मद फहीम इरफान के चाचा और पार्टी के जिला उपाध्यक्ष हाजी मोहम्मद उस्मान द्वारा परिसर में नमाज पढ़े जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
हिंदू संगठनों ने उठाए सवाल
वीडियो वायरल होने के बाद राष्ट्रीय बजरंग दल समेत कुछ हिंदू संगठनों ने सरकारी परिसर में नमाज पढ़े जाने पर आपत्ति जताई। संगठनों की ओर से सवाल उठाया गया कि सर्किट हाउस जैसे सरकारी परिसर में धार्मिक गतिविधि की अनुमति किस आधार पर दी गई। मामले में प्रशासन से कार्रवाई की मांग भी की गई।
PWD की शिकायत पर दर्ज हुई FIR
विवाद बढ़ने के बाद सर्किट हाउस के प्रभारी अवर अभियंता अनित कुमार की तहरीर पर मझोला थाने में हाजी मोहम्मद उस्मान के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 285 और 292 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।