Road Accident: भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की दर्दनाक मौत, दूल्हे के पिता की भी गई जान, 13 घायल, मची चीख-पुकार

Road Accident: यूपी के हापुड़ में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में बारातियों से भरी मिनी बस ट्रक से टकरा गई, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई और 13 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि बस ट्रक के नीचे दबकर खाई में पलट गई

6 लोगों की दर्दनाक मौत - फोटो : social media

Road Accident: सड़क हादसे में आए दिन कई लोगों की जान जा रही है। ताजा मामला उत्तर प्रदेश का है। जहां सड़क दुर्घटना में 6 लोगों की मौत हो गई है। मामला हापुड़ का है। जहां रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बारातियों से भरी मिनी बस और ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

सड़क हादसे में 6 की मौत 

यह हादसा धौलाना थाना क्षेत्र के धौलाना-गुलावठी मार्ग पर अरविंद डेयरी के पास रात करीब 1:30 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, दसना निवासी इकराम कुरैशी के बेटे की बारात गुलावठी से लौट रही थी तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस ट्रक के नीचे जा फंसी और दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

ट्रक के नीचे फंसी बस

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। बस ट्रक के नीचे बुरी तरह फंसी थी, जिसे निकालने के लिए करीब एक घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। हाइड्रा मशीन की मदद से बस को हटाकर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। इस हादसे में सोनू, यूसुफ, अख्तर, यूनुस, मुन्ना और बस चालक अशोक की मौत हो गई। वहीं 13 घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि अन्य का इलाज जारी है।

दूल्हे के पिता की भी मौत 

घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को मेडिकल कॉलेज और सीएचसी में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। अधिकारियों ने सभी घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है। वहीं जानकारी सामने आई है कि दूल्हे के पिता की भी सड़क हादसे में मौत हो गई है।