Kuldeep Yadav: मसूरी की वादियों में कुलदीप यादव ने वंशिका संग लिए सात फेरे, टीम इंडिया के चाइनामैन की जिंदगी में आई नई पारी

Kuldeep Yadav: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव ने अपने जीवन की सबसे खूबसूरत और यादगार पारी की शुरुआत कर दी है।

कुलदीप यादव ने वंशिका संग लिए सात फेरे- फोटो : social Media

Kuldeep Yadav: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव ने अपने जीवन की सबसे खूबसूरत और यादगार पारी की शुरुआत कर दी है। मैदान पर बल्लेबाजों को अपनी फिरकी में फंसाने वाले कुलदीप अब जिंदगी के नए सफर में कदम रख चुके हैं। शनिवार 14 मार्च को उत्तराखंड की हसीन वादियों के बीच मसूरी में उन्होंने अपनी बचपन की दोस्त और मंगेतर वंशिका सिंह के साथ सात फेरे लेकर वैवाहिक बंधन में बंध गए।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत के बाद कुलदीप के घर में जश्न का माहौल पहले से ही था, लेकिन अब शादी की खुशियों ने इस जश्न को और भी खास बना दिया है। मसूरी के प्रतिष्ठित आईटीसी सेवॉय होटल में आयोजित शाही समारोह में दोनों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह की सभी रस्में पूरी कीं।

शाम को सबसे पहले जयमाला की रस्म हुई। सजे-धजे मंच पर पहुंचकर कुलदीप और वंशिका ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और मुस्कुराते हुए इस पल को यादगार बना दिया। इसके बाद रात में मंडप में वैदिक मंत्रों के बीच सात फेरों की रस्म पूरी हुई और दोनों हमेशा के लिए एक-दूसरे के जीवनसाथी बन गए।

बारात भी किसी शाही जुलूस से कम नहीं थी। कुलदीप यादव गोल्डन शेरवानी पहनकर घोड़े पर सवार होकर दुल्हन को लेने निकले। बारात में शामिल क्रिकेटर्स ने पिंक और सफेद रंग के साफे बांध रखे थे। ढोल-नगाड़ों की धुन पर मेहमानों और खिलाड़ियों ने जमकर ठुमके लगाए। दिल्ली से आई छह लोगों की ढोल टीम ने माहौल को और भी रंगीन बना दिया।

शादी से पहले कुलदीप ने वीडियो कॉल के जरिए जगद्गुरु रामभद्राचार्य से आशीर्वाद भी लिया। समारोह में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री भी होटल पहुंचे। वहीं एक दिन पहले आयोजित संगीत और कॉकटेल समारोह में क्रिकेटर सुरेश रैना, रिंकू सिंह और युजवेंद्र चहल ने दूल्हे के साथ जमकर डांस कर माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया।

दिल्ली से आए सूफी सिंगर बिस्मिल की लाइव परफॉर्मेंस ने मेहमानों का दिल जीत लिया। शनिवार सुबह मोहम्मद कैफ भी मसूरी पहुंचे। मेहमानों को नाश्ते में कानपुर की मशहूर खस्ता कचौड़ी और दाल के बड़े परोसे गए।अब शादी की सभी रस्में पूरी हो चुकी हैं और देर रात तक जश्न का सिलसिला चलता रहा। सोशल मीडिया पर दूल्हा-दुल्हन की तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं और फैंस उन्हें ढेरों मुबारकबाद दे रहे हैं।

अब सबकी निगाहें 17 मार्च को लखनऊ के होटल सेंट्रम में होने वाले ग्रैंड रिसेप्शन पर टिकी हैं, जहां क्रिकेट, राजनीति और कारोबार जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल होने वाली हैं।