Bengal Election Result: बंगाल में मतगणना शुरु, कोलकता बना किला, नतीजों से पहले भाजपा -टीएमसी के कार्यकर्ताओं में जमकर हुई हाथापाई

Bengal Election Result:पश्चिम बंगाल की सियासत इस वक्त अपने सबसे नाज़ुक मोड़ पर खड़ी है,मतगणना केंद्रों पर टिकी हुई है और मतों की गिनती शुरु हो गई है...

बंगाल में मतगणना से पहले बवाल- फोटो : social Media

Bengal Election Result:पश्चिम बंगाल की सियासत इस वक्त अपने सबसे नाज़ुक मोड़ पर खड़ी है, जहां हर नज़र मतगणना केंद्रों पर टिकी हुई है और हर दिल में नतीजों का इंतज़ार बेक़रारी के साथ धड़क रहा है। वहीं बंगाल चुनाव रिजल्ट से पहले ही बवाल हो गया है। भवानीपुर में BJP-TMC के कार्यकर्ताओं में हाथापाई हुई है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साये में प.बंगाल में 77 केंद्रों पर मतगणना हो रही है। कड़े सुरक्षा इंतजामों और गरमाए राजनीतिक माहौल के बीच 294 सदस्यों वाली विधानसभा की 293 सीट के परिणाम घोषित किए जा रहे हैं। सोमवार सुबह से मतगणना का शुरू हो चुका है, और प्रशासन ने किसी भी तरह की गड़बड़ी या अफरा-तफरी को रोकने के लिए ज़बरदस्त इंतज़ाम किए हैं।

चुनाव आयोग के सख्त निर्देशों के तहत पूरे सूबे में हाई अलर्ट जारी किया गया है। सभी जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक को मुस्तैद रहने का फरमान सुनाया गया है। मतगणना केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में सुरक्षा के 163 खंड बनाए गए हैं, जहां हर हरकत पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

राजधानी कोलकाता समेत कई संवेदनशील इलाकों को मानो पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत सख्त निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है, जिसके मुताबिक पांच या उससे अधिक लोगों के इकट्ठा होने, जुलूस निकालने या किसी भी तरह के प्रदर्शन पर पूरी तरह पाबंदी है। यह आदेश मतगणना समाप्त होने तक जारी रहेगा।

स्ट्रॉन्ग रूम के आसपास थ्री-लेयर सिक्योरिटी घेरा बनाया गया है, जिसमें CRPF की तैनाती भी शामिल है। केवल उन्हीं लोगों को प्रवेश की इजाज़त है जिनके पास चुनाव आयोग द्वारा जारी क्यूआर-कोड युक्त पहचान पत्र है। आम जनता के लिए कई प्रमुख सड़कों को सील कर दिया गया है और बैरिकेडिंग लगाकर आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।

पूर्वी मेदिनीपुर जिले में तो एहतियात और भी सख्त है यहां मतगणना केंद्रों को नो-फ्राइंग ज़ोन घोषित किया गया है। यानी पटाखे फोड़ना, जश्न मनाना या विजय जुलूस निकालना पूरी तरह मना है। पुलिस द्वारा लगातार माइकिंग कर लोगों को आगाह किया जा रहा है।

अब सबकी निगाहें सिर्फ एक सवाल पर टिकी हैं कौन बनेगा बंगाल का बादशाह? नतीजे आने में कुछ ही घंटे बाकी हैं, और सियासी गलियारों में हलचल अपने चरम पर है।