ममता बनर्जी बुरी फंसी ! इस मामले में दर्ज हुआ FIR, लगे हैं बेहद गंभीर आरोप

शिकायत में आरोप लगाया गया कि ममता बनर्जी ने एक सार्वजनिक बयान में कहा था कि “एक खास समुदाय चाहे तो पांच मिनट में दूसरों को खत्म कर सकता है।”

Mamata Banerjee- फोटो : news4nation

Mamata Banerjee : पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में FIR दर्ज की गई है। यह मामला सिलीगुड़ी साइबर क्राइम थाने में एक वकील की शिकायत पर दर्ज किया गया। पुलिस ने बुधवार को इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।


जानकारी के अनुसार, वकील रिंकी चट्टोपाध्याय सिंह ने 20 मई को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि ममता बनर्जी ने एक सार्वजनिक बयान में कहा था कि “एक खास समुदाय चाहे तो पांच मिनट में दूसरों को खत्म कर सकता है।” शिकायतकर्ता का कहना है कि संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा इस तरह की टिप्पणी करना गैर-जिम्मेदाराना और भड़काऊ है।


शिकायत में यह भी कहा गया कि ममता बनर्जी की दो अलग-अलग टिप्पणियों से “भारत और दुनिया भर के करोड़ों सनातनी हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।” इनमें एक बयान 2025 में एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान दिया गया था, जबकि दूसरा विधानसभा चुनाव से पहले धर्मतला में आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर दिया गया था।


सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। अधिकारी ने कहा, “FIR में लगाए गए सभी आरोपों और तथ्यों की जांच की जा रही है।” पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इनमें आपराधिक धमकी, शांति भंग करने की नीयत से अपमान, झूठे बयान फैलाने, धार्मिक भावनाएं भड़काने और मानहानि से जुड़ी धाराएं शामिल हैं।