पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बना नया रिकॉर्ड, पहली बार 3 बजे तक हुआ 78 फीसदी से ज्यादा मतदान, कई जगह बवाल
West Bengal Election : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में बुधवार को मतदान नए रिकॉर्ड बन गए हैं। राज्य के इतिहास में यह पहला मौका है जब अपराह्न 3 बजे तक मतदान प्रतिशत का नया रिकॉर्ड बन गया। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार अपराह्न 3 बजे तक 78.68 फीसदी मतदान हुआ। इस चरण में कुल 142 सीटों पर मतदान हो रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की भवानीपुर सीट भी शामिल है। मतदान सुबह से ही काफी उत्साह से हुआ जब सुबह 9 बजे तक 18.39% मतदान हुआ जबकि 11 बजे तक करीब 40% वोटिंग दर्ज की गई और दोपहर एक बजे तक 61.11% वोटिंग हुई। इसी तरह अपराह्न 3 बजे तक 78.68 फीसदी मतदान का आंकड़ा क्रॉस हो गया।
कई इलाकों में झड़प और हंगामा
वोटिंग के दौरान कई विधानसभा क्षेत्रों से EVM से छेड़छाड़, मारपीट, झड़प और नारेबाजी की घटनाएं हुई हैं। मतदान के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों से हिंसा और तनाव की खबरें सामने आई हैं। कुछ जगहों पर झड़प हुई, जबकि पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है। डायमंड हार्बर के फाल्टा क्षेत्र में EVM से छेड़छाड़ का आरोप लगा है, जहां BJP के बटन को टेप से ब्लॉक करने की बात सामने आई। श्यामपुकुर विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 100 और 101 पर BJP उम्मीदवार पूर्णिमा चक्रवर्ती के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुआ, जिससे इलाके में तनाव बढ़ गया। पानीहाटी में BJP उम्मीदवार रत्ना देबनाथ ने आरोप लगाया कि TMC समर्थकों ने उन पर हमला किया। वहीं बीजपुर में एक निर्दलीय प्रत्याशी और काउंसलर के बीच मारपीट की घटना भी सामने आई है।
बारिश से मतदान प्रभावित
बुधवार को राज्य के कुछ जिलों में हुई बारिश के कारण मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा, हालांकि इसके बावजूद मतदान की रफ्तार बनी हुई है। हालांकि सुबह के बाद बारिश का असर ज्यादा नहीं देखा गया जिस कारण मतदान अपने सामान्य गति से जारी है। करीब करीब सभी बूथों पर लंबी लाइनें देखने को मिली हैं जिस कारण दोपहर एक बजे तक 61.11% वोटिंग हुई।
चुनावी आंकड़े और सुरक्षा इंतजाम
पश्चिम बंगाल की कुल 294 सीटों में से 210 सामान्य, 68 अनुसूचित जाति (SC) और 10 अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित हैं। राज्य में कुल 6.8 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें 5 लाख से अधिक पहली बार वोट डालने वाले हैं। वहीं 3.79 लाख मतदाता 85 वर्ष से अधिक उम्र के हैं। दूसरे चरण में 1,448 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 220 महिलाएं शामिल हैं। इस चरण में करीब 3.21 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
पहले चरण में बना था रिकॉर्ड
23 अप्रैल को हुए पहले चरण के मतदान में 90% से अधिक वोटिंग दर्ज कर नया रिकॉर्ड बना था। दूसरे चरण में भी मतदाताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है।
4 मई को आएंगे नतीजे
राज्य में जारी इस हाई-प्रोफाइल चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे, जिन पर पूरे देश की नजरें टिकी हैं।