Bihar News : भोजपुर में शादी की खुशियां मातम में बदली, गाड़ी साइड करने के विवाद में 7 लोगों की बेरहमी से की गयी पिटाई, अस्पताल में चल रहा है इलाज

Bihar News : भोजपुर में गाड़ी साइड करने के विवाद में जमकर मारपीट हो गयी. इस घटना में 7 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए. जिनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.........पढ़िए आगे

गाड़ी साइड करने के विवाद में मारपीट - फोटो : ASHISH

ARA : बिहार के भोजपुर जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहाँ बबुरा थाना क्षेत्र के बबुरा बाजार में गाड़ी साइड करने के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. इस हिंसक झड़प में एक ही परिवार के 7 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और घायलों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ वे डॉक्टरों की देखरेख में हैं.

यह पूरी घटना उस समय घटी जब पीड़ित परिवार के घर में भतीजी की शादी की रस्में चल रही थीं और घर में बारात आने वाली थी. परिवार के सदस्य कार पर सवार होकर शादी की मार्केटिंग के लिए अपने गांव बंधु छपरा से बबुरा बाजार जा रहे थे. खुशियों के माहौल के बीच घटी इस अप्रत्याशित घटना ने शादी वाले घर में सन्नाटा पसार दिया है.

प्रत्यक्षदर्शियों और जख्मी प्रमोद सिंह के अनुसार, बाजार में उनकी कार और सामने से आ रही एक बोलेरो के बीच साइड लेने को लेकर पहले कहासुनी हुई. विवाद इतना बढ़ गया कि बोलेरो पर सवार लोगों ने फोन करके अपने अन्य साथियों को बुला लिया. आरोप है कि सेमरा गांव के निवासी बताए जा रहे इन लोगों ने कार सवारों पर अचानक जानलेवा हमला कर दिया और उनकी जमकर पिटाई की. इस हमले में 7 लोग लहूलुहान हो गए, जिससे बाजार में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. घटना की जानकारी मिलते ही बबुरा थाना की पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज किए हैं और हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है.

शादी के घर में जहाँ शहनाई बजनी थी, वहाँ अब चीख-पुकार और दहशत का मंजर है. स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश है और वे दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से छानबीन कर रही है ताकि विवाद की असली वजह और हमलावरों तक पहुँचा जा सके. 

आशीष की रिपोर्ट