Bihar News : भोजपुर में अवर प्रवर्तन अधिकारी अमित कुमार गुप्ता के ठिकाने पर 10 घंटे चली छापेमारी, जानिए क्या कुछ मिला
Bihar News : बिहार के भोजपुर जिले में EOU की टीम ने परिवहन विभाग में तैनात अवर प्रवर्तन अधिकारी अमित कुमार गुप्ता के ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन करीब 10 घंटे तक चलने के बाद शाम को समाप्त हुआ।
ARA : भोजपुर जिले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की टीम ने परिवहन विभाग में अवर प्रवर्तन अधिकारी के पद पर तैनात अमित कुमार गुप्ता के ठिकाने पर करीब 10 घंटे तक चली छापेमारी के बाद कार्रवाई समाप्त कर दी। बुधवार की सुबह पटना से पहुंची EOU की टीम ने आरा शहर के अवधपुरी मोहल्ला स्थित उनके तीन मंजिले मकान में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। जानकारी के अनुसार, आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में दर्ज केस में जारी सर्च वारंट के आधार पर आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने आरा और पटना में एक साथ कार्रवाई की। पटना की टीम ने दानापुर स्थित अमित कुमार गुप्ता के फ्लैट पर भी छापेमारी की।
EOU की टीम ने आरा स्थित मकान में दिनभर दस्तावेजों और अन्य सामानों की जांच की। इस दौरान जमीन-जायदाद से जुड़े दस्तावेज, विभिन्न निवेश से संबंधित कागजात और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है। टीम ने कई स्थानों पर संपत्ति और निवेश से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की। आर्थिक अपराध इकाई के पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि आय से अधिक संपत्ति के मामले में जारी वारंट के आधार पर अधिकारियों की टीम अमित कुमार गुप्ता के आवास पर पहुंची थी।
तलाशी के दौरान जमीन के दस्तावेज, निवेश से संबंधित कागजात और अन्य शहरों में संपत्ति से जुड़े दस्तावेज मिलने की जानकारी दी गई है। हालांकि, बरामद दस्तावेजों और अन्य सामग्री का विस्तृत आकलन जांच पूरी होने के बाद किया जाएगा। छापेमारी के दौरान मकान के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। जांच के दौरान घर में किसी के आने-जाने पर भी रोक लगा दी गई थी। EOU के अधिकारी कई घंटों तक सर्च वारंट के आधार पर घर के अलग-अलग हिस्सों की तलाशी लेते रहे।
बताया जा रहा है कि अमित कुमार गुप्ता वर्ष 2014 में परिवहन विभाग में नियुक्त हुए थे। वर्तमान में उनकी तैनाती भभुआ के दुर्गावती स्थित चेक पोस्ट पर बताई जा रही है। इससे पहले भी वे राज्य के अलग-अलग जिलों में अपनी सेवा दे चुके हैं। बुधवार की सुबह जब आर्थिक अपराध इकाई की टीम पुलिस बल के साथ अवधपुरी मोहल्ले में पहुंची तो आसपास के लोगों में भी हलचल मच गई। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी देखकर लोग मामले को लेकर तरह-तरह के कयास लगाने लगे। बाद में लोगों को EOU की कार्रवाई की जानकारी मिली। करीब 10 घंटे तक चली जांच और तलाशी के बाद आर्थिक अपराध इकाई की टीम वहां से रवाना हो गई। मामले में बरामद दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आशीष की रिपोर्ट