Bihar News : भोजपुर में कोईलवर में ट्रक चालक से लूटपाट करने वाला अपराधी गिरफ्तार, नकली पिस्तौल और नकदी पुलिस ने किया बरामद

Bihar News : भोजपुर जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र में पुलिस की मुस्तैदी से ट्रक चालक से लूटपाट करने का मामला सामने आया है। जहाँ आरोपी ने पुलिस को गिरफ्तार कर लिया है......पढ़िए आगे

लूटेरा गिरफ्तार - फोटो : ASHISH

ARA : भोजपुर जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक से पिस्तौल का भय दिखाकर रुपये लूटने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल कुमार, पिता प्रमोद उर्फ प्रमेंद्र प्रसाद, निवासी राजापुर, थाना बबुरा, जिला भोजपुर के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, 30 अगस्त 2026 की अहले सुबह गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र के लोहाटी गांव निवासी ट्रक चालक राजेंद्र सिंह, पिता स्वर्गीय बालेश्वर सिंह, बालू लाने के लिए संदेश की ओर जा रहे थे। पैसठवा घाट के समीप जाम के कारण उनका ट्रक रुका हुआ था। इसी दौरान काले रंग की पैशन प्रो मोटरसाइकिल पर सवार राहुल कुमार वहां पहुंचा और पिस्तौल का भय दिखाकर ट्रक चालक से 1800 रुपये लूट लिए।

बताया गया कि घटना के दौरान ही कोईलवर थाना की गश्ती गाड़ी मौके पर पहुंच गई। ट्रक चालक के शोर मचाने पर गश्ती दल में तैनात पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी राहुल कुमार को पकड़ लिया। पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपी के पास से लूटे गए 1800 रुपये समेत कुल 3300 रुपये नकद, आधार कार्ड, काले रंग की पैशन प्रो मोटरसाइकिल, मेटल से बनी नकली पिस्तौल और एक वनप्लस एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया है। मामले को लेकर कोईलवर थाना में कांड संख्या 187/26, दिनांक 30 अगस्त 2026 के तहत धारा 309(4) बीएनएस के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी राहुल कुमार का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ कोईलवर थाना कांड संख्या 179/16, जो हत्या से संबंधित है, तथा कांड संख्या 167/19, जो रंगदारी से संबंधित है, में भी आरोप पत्र दाखिल किया जा चुका है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और उसके आपराधिक नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

आशीष की रिपोर्ट