भोजपुर में आकाशीय बिजली गिरने से महिला की मौत, खाना बनाते समय हुआ हादसा

परिजनों के अनुसार, मृतका के पति नींबू लाल राम मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य घर में मौजूद थे।

lightning in Bhojpur - फोटो : news4nation

Bihar News : भोजपुर जिले में मौसम का मिजाज बदलने के साथ हुई बारिश और आंधी के बीच आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, घटना जगदीशपुर थाना क्षेत्र के कवरा गांव की है। मृतका की पहचान अंगूरा देवी (पत्नी- नींबू लाल राम) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार को आंधी-पानी के बीच अंगूरा देवी अपने घर के आंगन में खाना बना रही थीं। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं।


हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, मृतका के पति नींबू लाल राम मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य घर में मौजूद थे। अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।


सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। महिला की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा राहत के तहत मुआवजा देने की मांग की है। वहीं, मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की है।

आशीष की रिपोर्ट