Bihar News : भोजपुर में बड़ा हादसा: छत की सेंटरिंग के दौरान 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आया मजदूर, गंभीर रूप से झुलसा

करंट से झुलसा मजदुर - फोटो : ASHISH

ARA : भोजपुर जिले के गीधा थाना क्षेत्र अंतर्गत गीधा में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां मकान की छत की सेंटरिंग ठोकने का काम कर रहा एक 26 वर्षीय मजदूर 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गया। इस हादसे में युवक गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जिसके बाद आनन-फानन में घायल को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घायल युवक की पहचान गीधा थाना क्षेत्र के वीरमपुर गांव निवासी हंस पंडित के 26 वर्षीय पुत्र बिनीत कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बिनीत गीधा स्थित इंडेन गैस एजेंसी के समीप एक निर्माणाधीन मकान की छत की सेंटरिंग का काम कर रहा था। काम के दौरान जैसे ही वह अचानक ऊपर उठा, वहां से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार के संपर्क में आ गया, जिससे तेज करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस गया।

घटना के समय मौके पर कई अन्य मजदूर भी निर्माण कार्य में लगे हुए थे। साथ काम कर रहे मजदूर सोनू लाल ने बताया कि बिनीत उसके ठीक बगल में ही सेंटरिंग ठोकने का काम कर रहा था। इसी बीच अचानक वह ऊपर उठा और बिजली के नंगे तार से टकरा गया, जिससे यह बड़ा हादसा घटित हो गया। हादसे के तुरंत बाद साथ काम कर रहे अन्य मजदूरों और स्थानीय लोगों की मदद से जख्मी युवक को तत्काल आरा सदर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है, जहां उसकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।

इस घटना ने एक बार फिर निर्माणाधीन स्थलों के आसपास से गुजरने वाले हाईटेंशन बिजली तारों की सुरक्षा और काम के दौरान बढ़ती जाने वाली लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली विभाग को आवासीय क्षेत्रों में गुजरने वाले ऐसे खतरनाक तारों की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

आशीष की रिपोर्ट