Bihar News : गैस किल्लत पर प्रशासन सख्त, एसडीओ ने किया एजेंसी का निरीक्षण, कहा- 3 दिन में घर पहुँचेगा सिलेंडर

ARA : पिछले एक सप्ताह से गैस सिलेंडर के लिए मची मारामारी और एजेंसियों पर उमड़ रही भीड़ के बीच शनिवार को प्रशासन खुद मैदान में उतरा। अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण कुमार उपाध्याय व प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अंशु कुमार दीपक पीरो स्थित अजय इंडेन गैस एजेंसी पहुंचे और कतार में खड़े सैकड़ों उपभोक्ताओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना। इस दौरान एसडीओ ने स्पष्ट कहा कि अब स्थिति सामान्य हो चुकी है और डीएसी नंबर मिलने के तीन दिनों के भीतर गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं के घर तक पहुंचा दिया जाएगा। बताया जाता है कि पिछले करीब एक सप्ताह से पीरो अनुमंडल मुख्यालय स्थित अजय इंडेन गैस एजेंसी समेत अन्य गैस एजेंसियों पर भारी भीड़ उमड़ रही है। मजिस्ट्रेट व पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति के बावजूद भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही है, जिससे अव्यवस्था की स्थिति बन रही है।

सर्वर डाउन होने से आई थी परेशानी

एसडीओ कृष्ण कुमार उपाध्याय ने उपभोक्ताओं व मीडिया कर्मियों से बातचीत में बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से ऑनलाइन बुकिंग के दौरान सर्वर डाउन होने के कारण डीएसी नंबर जारी होने में दिक्कत आ रही थी। अब सर्वर सुचारू रूप से काम करने लगा है और बुकिंग प्रक्रिया सामान्य हो गई है। उन्होंने कहा कि गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है।

अब एजेंसी आने की जरूरत नहीं

एसडीओ ने स्पष्ट कहा कि उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी पर आने की जरूरत नहीं है। डीएसी नंबर मिलने के बाद तीन दिनों के भीतर सिलेंडर घर तक पहुंचा दिया जाएगा। यदि तय समय में गैस की आपूर्ति नहीं की जाती है तो संबंधित गैस एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि गैस बुकिंग के लिए कई विकल्प उपलब्ध हैं। उपभोक्ता संबंधित एजेंसी के पोर्टल, फोन कॉल, व्हाट्सएप नंबर, पेटीएम और गूगल पे के माध्यम से भी आसानी से बुकिंग करा सकते हैं।

बेवजह भीड़ लगाने पर होगी कार्रवाई

एसडीओ ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अब गैस एजेंसियों पर बेवजह भीड़ न लगाएं, अन्यथा अव्यवस्था फैलाने पर उपभोक्ताओं के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। वहीं तरारी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि करथ और सिकरहटा स्थित इंडेन गैस एजेंसियों में 13 मार्च से गैस खत्म है, जिसके कारण वहां आपूर्ति बाधित हो गई है। गैस उपलब्ध होते ही वितरण को सुचारू कर दिया जाएगा।