Bihar Road Accident : भोजपुर में पुल की रेलिंग तोड़कर नदी में गिरी 18 चक्का हाइवा, चालक और खलासी गंभीर रूप से हुए जख्मी
Bihar Road Accident : भोजपुर जिले में पुल की रेलिंग तोड़ते हुए 18 चक्का हाइवा ट्रक बनास नदी में गिर गई. जिससे मौके पर अफरा तफरी का माहौल हो गया.......पढ़िए आगे
Bhojpur : जिले में एक बार फिर भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहां पीरो की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार 18 चक्का हाइवा ट्रक अनियंत्रित होकर बनास नदी के पुल की रेलिंग तोड़ते हुए लगभग 30 फीट नीचे नदी में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में ट्रक के चालक और सहचालक दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के संदर्भ में स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसा अलसुबह उस वक्त हुआ जब सुबह की सैर के लिए लोग सड़कों पर निकले हुए थे। अचानक ट्रक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और ट्रक जर्जर व कमजोर रेलिंग को तोड़ते हुए सीधे नदी में समा गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह चालक और सहचालक को क्षतिग्रस्त गाड़ी से बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि बनास नदी पर बना यह पुल काफी सिंगल (सकरा) है, जिससे एक समय में एक ही गाड़ी गुजर सकती है। साथ ही पुल की सुरक्षा रेलिंग भी लंबे समय से बेहद कमजोर और जर्जर स्थिति में है। गनीमत यह रही कि हादसे के समय पुल पर कोई अन्य वाहन या राहगीर मौजूद नहीं था, वरना मौतों का आंकड़ा बड़ा हो सकता था।
घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस संकीर्ण और जर्जर पुल पर आए दिन जानलेवा दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन बार-बार ध्यान आकृष्ट कराने के बावजूद प्रशासनिक स्तर पर मरम्मत या चौड़ीकरण को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
आशीष की रिपोर्ट