Bihar Road Accident : आरा में अनियंत्रित ई-रिक्शा ने झोपड़ी में मारी टक्कर, 4 वर्षीय बच्ची की हुई मौत, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
Bihar Road Accident : भोजपुर जिले के आरा टाउन थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया......पढ़िए आगे
ARA : भोजपुर जिले के आरा टाउन थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर आई है। नगर निगम कार्यालय के पीछे स्थित एक झोपड़ी में अनियंत्रित ई-रिक्शा घुस जाने से चार वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। इस भीषण हादसे में दो अन्य बच्चियां और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
मृत बच्ची की पहचान नगर निगम के सफाईकर्मी गुर फेकन की 4 वर्षीय पुत्री ममता के रूप में हुई है। घटना के वक्त ममता अपने परिवार के साथ झोपड़ी में मौजूद थी। अचानक एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ई-रिक्शा सीधे उनकी झोपड़ी में जा घुसा, जिससे ममता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के तुरंत बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने नगर निगम गेट के समीप सड़क पर आगजनी कर यातायात पूरी तरह से बाधित कर दिया। प्रदर्शनकारी पीड़ित परिवार के लिए तत्काल उचित मुआवजे की मांग कर रहे थे। घटना के बाद से बच्ची के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि पीड़ित परिवार बेहद गरीब है और माता-पिता दोनों नगर निगम में सफाईकर्मी के रूप में कार्य करते हैं। रोजी-रोटी कमाने वाले इस असहाय परिवार के सामने अब गहरा संकट खड़ा हो गया है, इसलिए स्थानीय प्रशासन को अविलंब आर्थिक सहायता प्रदान करनी चाहिए।
सड़क जाम और आगजनी की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने उग्र लोगों को समझा-बुझाकर और उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन देकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और ई-रिक्शा चालक पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
आशीष की रिपोर्ट