Bihar News : भोजपुर के चरपोखरी में बिजली कटौती को लेकर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, प्रखंड मुख्यालय पर दिया धरना और किया सांकेतिक अनशन
Bihar News : बिहार के भोजपुर जिले अंतर्गत चरपोखरी प्रखंड क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और जर्जर तारों की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों का सब्र टूट गया है......पढ़िए आगे
ARA : भोजपुर जिले के चरपोखरी प्रखंड क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती और जर्जर विद्युत तारों की समस्या को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर सोमवार को सैकड़ों ग्रामीणों ने चरपोखरी प्रखंड मुख्यालय पर एक दिवसीय धरना और सांकेतिक अनशन किया। प्रदर्शन में ग्रामीणों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए।
धरना दे रहे लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से बिजली की अनियमित आपूर्ति की समस्या बनी हुई है। कई इलाकों में घंटों बिजली कटौती होने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, कई जगहों पर विद्युत तार जर्जर स्थिति में हैं, जिससे हादसे की आशंका भी बनी रहती है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बिजली कटौती का सीधा असर आम जनजीवन पर पड़ रहा है। घरेलू कामकाज प्रभावित होने के साथ-साथ किसान और छोटे कारोबारी भी परेशान हैं। किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है, जबकि बिजली पर निर्भर छोटे कारोबारियों को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिजली से जुड़ी समस्याओं को लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। इसी नाराजगी के चलते ग्रामीणों को धरना और सांकेतिक अनशन का रास्ता अपनाना पड़ा।
धरने में शामिल मुखिया लालमुक्ति पासवान समेत अन्य जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने बिजली विभाग से क्षेत्र में नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, जर्जर तारों को बदलने और विद्युत व्यवस्था की खामियों को तत्काल दूर करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई और बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। ग्रामीणों ने कहा कि जरूरत पड़ने पर चरणबद्ध तरीके से आंदोलन चलाया जाएगा और इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग एवं प्रशासन की होगी। धरना और सांकेतिक अनशन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी के कारण प्रखंड मुख्यालय में गहमागहमी का माहौल बना रहा। अब देखना होगा कि ग्रामीणों की मांगों पर बिजली विभाग की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।
आशीष की रिपोर्ट