पुलिसिया उत्पीड़न से तंग आकर आत्मदाह करने वाले ऑटो चालक की मौत, परिजनों ने शव सड़क पर रखकर किया जमकर हंगामा
- भोजपुर जिले के आरा से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां ट्रैफिक पुलिस की कार्यशैली से क्षुब्ध होकर आत्मदाह करने वाले ऑटो चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा
Arrah - भोजपुर जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित पुरानी पुलिस लाइन मोड़ शुक्रवार को रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। ट्रैफिक पुलिस के कथित मनमाने रवैये और बार-बार चालान काटे जाने से परेशान होकर खुद को आग लगाने वाले ऑटो चालक ने दम तोड़ दिया। चालक की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने सड़क जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुआवजे की मांग की।
ट्रैफिक पुलिस पर गंभीर आरोप: क्यों की आत्महत्या?
जानकारी के अनुसार, मृतक ऑटो चालक ट्रैफिक पुलिस द्वारा बार-बार किए जा रहे चालान और कथित उत्पीड़न से बेहद मानसिक तनाव में था। इसी से परेशान होकर उसने पिछले दिनों सार्वजनिक रूप से खुद पर तेल छिड़ककर आत्मदाह की कोशिश की थी। गंभीर हालत में उसे आरा सदर अस्पताल से पटना रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
सड़क जाम से लगा लंबा जाम, कार्रवाई की मांग
शुक्रवार को जैसे ही शव पटना से आरा पहुंचा, परिजनों ने पुरानी पुलिस लाइन मोड़ पर उसे बीच सड़क पर रख दिया। इस विरोध प्रदर्शन की वजह से शहर की मुख्य सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कई किलोमीटर तक जाम की स्थिति बनी रही। परिजनों का आरोप है कि पुलिस की ज्यादती ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है। वे दोषी पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, मुआवजे की गुहार
मृतक के परिजन अशोक मानव ने बताया कि वह ऑटो चलाकर ही अपने पूरे परिवार का पेट भरता था। अब उसके जाने के बाद घर में कोई कमाने वाला नहीं बचा है। परिजनों ने सरकार और जिला प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है ताकि मृतक के बच्चों और परिवार का भविष्य सुरक्षित हो सके। घटना के बाद से ही घर में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस की समझौते की कोशिश
हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझा-बुझाकर और उचित कानूनी कार्रवाई व मुआवजे का आश्वासन देकर जाम हटवाया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
Report - ashish srivastav