Ara Firing: आरा में अपराधियों का तांडव, बर्थडे पार्टी से लौट रहे दो युवकों को मारी गोली, 1 की मौत

Ara Firing: आरा के चंदवा मोड़ के पास बर्थडे पार्टी से लौट रहे दो युवकों को अपराधियों ने गोली मार दी। ऋतिक कुमार सिंह की मौत के बाद लोगों ने आरा-बक्सर मुख्य मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया।

Ara Firing: बिहार के भोजपुर जिले के आरा में अपराधियों ने एक बार फिर गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया है। बर्थडे पार्टी से लौट रहे बाइक सवार दो युवकों पर हथियारबंद अपराधियों ने हमला कर दिया। इस दौरान दोनों युवकों को गोली मार दी गई। घटना में ऋतिक कुमार सिंह की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल है। उसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।


चंदवा मोड़ के पास सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन


घटना के बाद लोगों में भारी गुस्सा है। आक्रोशित लोगों ने नवादा थाना क्षेत्र के चंदवा मोड़ के पास आरा-बक्सर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। लोगों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान आगजनी भी की गई और प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए गए। प्रदर्शन कर रहे लोग घटना में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। उनकी मांग है कि आरोपियों का एनकाउंटर किया जाए, ताकि अपराधियों में पुलिस का डर बना रहे।


एसपी को मौके पर बुलाने की मांग


सड़क जाम कर रहे लोग किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हैं। वे मौके पर भोजपुर के पुलिस अधीक्षक को बुलाने की मांग कर रहे हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई है, लेकिन लोग सड़क से हटने को तैयार नहीं हैं। सड़क जाम होने के कारण आरा-बक्सर मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई है। लोगों ने सड़क पर बांस-बल्ले बांधकर रास्ता बंद कर दिया है।


आपसी वर्चस्व को लेकर गोलीबारी की आशंका


बताया जा रहा है कि आपसी वर्चस्व कायम रखने के लिए इस घटना को अंजाम दिया गया है। हालांकि, गोलीबारी के पीछे की असली वजह और आरोपियों की पहचान को लेकर पुलिस की जांच जरूरी है।स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस तरह दोनों युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई, उससे इलाके में दहशत का माहौल है। लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


पुलिस विभाग में कार्यरत हैं मृतक के पिता


मृतक ऋतिक कुमार सिंह के पिता हरेंद्र सिंह पुलिस विभाग में कार्यरत हैं। बेटे की मौत के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है। फिलहाल घायल युवक का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

रिपोर्टर आशीष कुमार भोजपुर आरा