Ara Saraswati Puja: आरा के नूतन छात्रावास में भव्य सरस्वती पूजा, गंगा आरती ने बांधा श्रद्धा का समां

Ara Saraswati Puja: आरा शहर के नूतन छात्रावास परिसर में सरस्वती पूजा का भव्य आयोजन किया गया। विशाल पंडाल, आकर्षक सजावट और विशेष गंगा आरती ने पूरे माहौल को भक्तिमय और आध्यात्मिक बना दिया।

सरस्वती पूजा का भव्य आयोजन- फोटो : news4nation

Ara Saraswati Puja: आरा शहर के नूतन छात्रावास परिसर में इस वर्ष सरस्वती पूजा का आयोजन भव्य और आकर्षक रूप में किया गया। पूजा स्थल पर विशाल और सुसज्जित पंडाल का निर्माण किया गया था, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा। पूजा के साथ-साथ विशेष रूप से आयोजित गंगा आरती ने कार्यक्रम को आध्यात्मिक ऊंचाई प्रदान की। आरती के दौरान शंखनाद, मंत्रोच्चार और दीपों की रोशनी से पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में डूब गया।

गंगा आरती और पूजा दर्शन के लिए आरा शहर के विभिन्न इलाकों से सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंचे। श्रद्धालुओं ने मां सरस्वती की प्रतिमा के दर्शन कर विद्या, बुद्धि और सफलता की कामना की। आयोजन से जुड़े मोहित सिंह ने बताया कि इस बार पूजा को सांस्कृतिक और आध्यात्मिक दोनों रूपों में भव्य बनाने का प्रयास किया गया है, ताकि युवा पीढ़ी हमारी परंपराओं से जुड़े।

 सुरक्षा और व्यवस्था का भी विशेष ध्यान

अध्यक्ष मोहित सिंह ने कहा कि गंगा आरती के आयोजन का उद्देश्य लोगों को सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना से जोड़ना है। जनता का सहयोग और उत्साह देखकर हम अभिभूत हैं। पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था का भी विशेष ध्यान रखा गया। सरस्वती पूजा और गंगा आरती के इस भव्य आयोजन ने शहर में उत्सव और भक्ति का माहौल बना दिया।

आरा से आशीष कुमार