Bihar Matriculation Exam 2026: आरा में मैट्रिक परीक्षा के दौरान बवाल, लेट पहुंची छात्राओं के अभिभावकों ने बोला धावा, दिखा दीवार फांदकर एंट्री का सनसनीखेज मंजर

Bihar Matriculation Exam 2026: मैट्रिक परीक्षा के पहले दिन हीं कुछ छात्राओं को बाउंड्री वॉल के सहारे फांदकर अंदर प्रवेश करने तस्वीरें सामने आईं, जिसने पूरे सिस्टम पर सवालिया निशान खड़े कर दिए।

मैट्रिक परीक्षा में दीवार फांदकर एंट्री का सनसनीखेज मंजर- फोटो : reporter

Bihar Matriculation Exam 2026:  आरा में मैट्रिक परीक्षा के पहले ही दिन ऐसा हंगामा बरपा कि इम्तिहान का माहौल अफरा-तफरी में बदल गया। भोजपुर जिले के 36 परीक्षा केंद्रों पर बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित मैट्रिक परीक्षा शुरू हुई, लेकिन आरा शहर के राजकीय कन्या प्लस टू उच्च विद्यालय में लेट पहुंची छात्रा को प्रवेश नहीं देने पर हालात बेकाबू हो गए।

भोजपुर जिले में कुल 41,410 परीक्षार्थी इस बार इम्तिहान में शामिल हो रहे हैं। आरा शहर में 26, जगदीशपुर अनुमंडल में 6 और पीरो अनुमंडल में 4 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सख्त हिदायत थी कि परीक्षा शुरू होने से पहले गेट बंद कर दिया जाएगा। लेकिन जैसे ही एक छात्रा देरी से पहुंची और उसे अंदर जाने से रोका गया, गुस्साए अभिभावकों ने मोर्चा खोल दिया।

चश्मदीदों के मुताबिक, गेट पर जमकर नारेबाजी हुई और कुछ अभिभावकों ने मुख्य द्वार तोड़ने की कोशिश तक कर डाली। माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि स्कूल परिसर के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान कुछ छात्राओं को बाउंड्री वॉल के सहारे फांदकर अंदर प्रवेश कराए जाने की तस्वीरें सामने आईं, जिसने पूरे सिस्टम पर सवालिया निशान खड़े कर दिए।

इम्तिहान जैसे संवेदनशील मौके पर सुरक्षा इंतजामों की धज्जियां उड़ती नजर आईं। पुलिस और प्रशासन को हालात काबू में करने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि बाद में स्थिति सामान्य कर ली गई और परीक्षा निर्धारित समय पर जारी रही।

हर साल की तरह इस बार भी लेट पहुंचने वाले परीक्षार्थियों को लेकर तनातनी का मंजर देखने को मिला। नियम साफ है समय के बाद एंट्री नहीं। लेकिन अभिभावकों का दबाव और बच्चों का भविष्य दांव पर होने का हवाला देकर नियमों को तोड़ने की कोशिश एक बार फिर सामने आई।

अब सवाल यह उठता है कि जब परीक्षा की सख्ती पहले से तय है, तो फिर हर साल गेट पर यही हंगामा क्यों? क्या इम्तिहान का अनुशासन भी भीड़ के दबाव में टूटता रहेगा?

रिपोर्ट- आशीष कुमार