Arrah Railway Station: आरा रेलवे स्टेशन से मोबाइल चोरी करने वाले गैंग का खुलासा, पुलिस को मिली बड़ी सफलता

Arrah Railway Station: आरा रेलवे स्टेशन पर मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है। इस मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार किए गए है, जबकि उनके पास से 7 चोरी के मोबाइल बरामद हुए हैं।

आरा में मोबाइल चोरी का नेटवर्क बेनकाब- फोटो : AI GENERATED

Arrah Railway Station: आरा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के मोबाइल चोरी करने वाले एक बड़े गिरोह का खुलासा हुआ है। आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में झारखंड के साहेबगंज जिले से जुड़े गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग को पकड़ा गया है। इनके पास से चोरी के कुल 7 स्मार्ट मोबाइल बरामद किए गए हैं, जिनकी कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है।

यह कार्रवाई दानापुर मंडल के आरपीएफ के वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त उदय सिंह पवार और रेल पुलिस अधीक्षक अनंत कुमार राय के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष निगरानी अभियान के तहत की गई। आरा आरपीएफ निरीक्षक प्रभारी दीपक कुमार और जीआरपी थानाध्यक्ष रणधीर कुमार के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुरक्षा और अपराध रोकने के लिए लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है।

संदिग्ध नाबालिग को पकड़ा गया

15 मई 2026 को गश्ती के दौरान आरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 के पूर्वी फुटओवर ब्रिज के पास एक संदिग्ध नाबालिग को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से चोरी के दो स्मार्ट मोबाइल मिले। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर रेलवे स्टेशन और भीड़भाड़ वाले इलाकों में यात्रियों के मोबाइल चोरी करता था। पूछताछ में यह भी सामने आया कि झारखंड के तीन पहाड़ इलाके का एक संगठित गिरोह बच्चों का इस्तेमाल कर रेलवे स्टेशनों पर मोबाइल चोरी करवाता है। गिरोह के बड़े सदस्य चोरी करवाने के बाद मोबाइल इकट्ठा कर झारखंड में बेच देते थे। पुलिस को जानकारी मिली कि गिरोह के सदस्य पिछले कुछ समय से आरा शहर में किराए के कमरे में रह रहे थे और वहीं से पूरी योजना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।

नाबालिग की निशानदेही पर कार्रवाई

नाबालिग की निशानदेही पर आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने आरा बस स्टैंड के पास श्रीटोला इलाके में किराए के कमरे पर छापेमारी की। वहां से गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी में अलग-अलग कंपनियों के 7 चोरी के स्मार्टफोन बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक कुमार (19 वर्ष) और जतन कुमार महतो (20 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों झारखंड के साहेबगंज जिले के बाबूपुर गांव के रहने वाले हैं। इनके साथ पकड़ा गया नाबालिग भी उसी इलाके का रहने वाला है।

पुलिस ने बरामद मोबाइल जब्त कर लिए

पुलिस ने बरामद मोबाइल जब्त कर लिए हैं और गिरफ्तार आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी आरा को सौंप दिया गया है। आरपीएफ और जीआरपी ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा और संगठित अपराध रोकने के लिए रेलवे स्टेशन पर आगे भी सघन अभियान जारी रहेगा।

आरा से आशीष की रिपोर्ट