Ara Railway Station: आरा रेलवे स्टेशन पर दर्दनाक हादसा, विक्रमशिला सुपरफास्ट से गिरकर 42 वर्षीय व्यक्ति की मौत
Ara Railway Station:आरा रेलवे स्टेशन पर विक्रमशिला सुपरफास्ट ट्रेन से गिरकर 42 वर्षीय अभिषेक मिश्रा की मौत हो गई। वह भागलपुर से आए आम लेने स्टेशन पहुंचे थे। ट्रेन खुलने के दौरान उतरते समय हादसा हुआ।
Ara Railway Station: बिहार के आरा रेलवे स्टेशन पर रविवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। दानापुर-पीडीडीयू रेलखंड पर आरा स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर विक्रमशिला सुपरफास्ट ट्रेन से गिरकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। घायल अवस्था में उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान टाउन थाना क्षेत्र के महाजन टोली नंबर-1 निवासी 42 वर्षीय अभिषेक मिश्रा के रूप में हुई है। वह अनिल कुमार मिश्रा के पुत्र थे। अनिल कुमार मिश्रा भारतीय स्टेट बैंक (SBI) से सीनियर मैनेजर के पद से रिटायर हो चुके हैं।
परिजनों के अनुसार भागलपुर से उनके एक रिश्तेदार ने विक्रमशिला सुपरफास्ट ट्रेन से आम भेजा था। आम लेने के लिए अभिषेक मिश्रा रविवार की देर शाम आरा रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि जब विक्रमशिला सुपरफास्ट ट्रेन प्लेटफार्म नंबर दो पर रुकी, तब अभिषेक मिश्रा ट्रेन में चढ़कर आम उतार रहे थे। इसी दौरान ट्रेन खुल गई। ट्रेन चलने के बाद उतरने की कोशिश में उनका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन से नीचे गिर पड़े।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों और रेलवे कर्मियों की मदद से उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस और रेलवे से जुड़े अधिकारी मामले की जानकारी जुटाने में लगे हैं।
रिपोर्टर आशीष कुमार भोजपुर आरा