आरा में सड़क हादसे के घायल युवक ने तोड़ा दम, इलाज के दौरान मौत; परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए प्रशासन से सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है।
Bihar News : भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान जमीरा गांव निवासी 28 वर्षीय प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।
परिजनों के अनुसार, प्रिंस कुमार बुधवार शाम किसी काम से घर से बाजार गए थे। इसी दौरान चांदी चौक के समीप एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वहां से गुजर रहे एक ऑटो चालक ने मानवता का परिचय देते हुए घायल युवक को उसके घर पहुंचाया। इसके बाद परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें घर भेज दिया।
गुरुवार सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें दोबारा इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
मृतक प्रिंस कुमार खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में पत्नी किरण देवी, तीन बेटियां कृति कुमारी, सोनी कुमारी और प्रीति कुमारी तथा दो बेटे मोहित राज और रोहित कुमार हैं। उनकी असामयिक मौत से परिवार के सामने गंभीर आर्थिक और सामाजिक संकट खड़ा हो गया है।
घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए प्रशासन से सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है। वहीं, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
आशीष श्रीवास्त की रिपोर्ट