आरा सदर अस्पताल ने रचा इतिहास: पहली बार हुआ जटिल CBD एक्सप्लोरेशन ऑपरेशन, महिला की पित्त नली से निकला बड़ा स्टोन

आरा सदर अस्पातल पहली बार हुआ जटिल CBD एक्सप्लोरेशन ऑपरेशन- फोटो : आशीष

Arrah : भोजपुर जिला मुख्यालय आरा सदर अस्पताल ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की गई है। अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने पहली बार कॉमन बाइल डक्ट (CBD) एक्सप्लोरेशन का सफल ऑपरेशन कर एक 35 वर्षीय महिला मरीज की पित्त नली में फंसा बड़ा स्टोन सफलतापूर्वक बाहर निकाल दिया। चिकित्सकों के अनुसार, बिहार के किसी भी जिले के सदर अस्पताल में इस तरह का जटिल और उच्च स्तरीय ऑपरेशन पहली बार किए जाने का दावा किया गया है, जिससे स्थानीय स्वास्थ्य सुविधाओं को एक नया आयाम मिला है।


वर्षों से पेट दर्द और पीलिया से पीड़ित थी महिला 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुकुंदपुर गाँव की रहने वाली रिंकू देवी (35 वर्ष), पति धर्मेंद्र राम, काफी लंबे समय से पेट में उठने वाले असहनीय दर्द से परेशान थीं। डॉक्टरी जांच के दौरान उनकी पित्त की थैली में इंपैक्टेड स्टोन के साथ-साथ कॉमन बाइल डक्ट (CBD) में भी स्टोन होने की आशंका जताई गई। पित्त नली में रुकावट के कारण लिवर से बनने वाला पित्त आंत तक सही तरीके से नहीं पहुंच पा रहा था, जिसके चलते महिला लंबे समय से गंभीर पीलिया (जॉन्डिस) की बीमारी से भी जूझ रही थीं।


पटना में इलाज से नहीं मिला आराम, MRCP जांच से हुआ खुलासा 

परिजनों ने बताया कि महिला का काफी दिनों तक राजधानी पटना के अस्पतालों में भी इलाज कराया गया, लेकिन उनकी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद परिजन उन्हें आरा सदर अस्पताल लेकर आए। यहाँ डॉक्टरों ने बीमारी की सटीक स्थिति जानने के लिए एमआरसीपी (MRCP) जांच कराई, जिसमें पित्त की मुख्य नली (CBD) में एक बड़ा स्टोन फंसे होने की पुष्टि हुई। जांच रिपोर्ट के आधार पर डॉक्टरों की टीम ने बिना समय गंवाए ऑपरेशन करने का फैसला लिया।


दो घंटे चले जटिल ऑपरेशन से मिली सफलता 

सदर अस्पताल की सर्जनों की टीम ने पूरी तैयारी के साथ महिला का ऑपरेशन शुरू किया। करीब दो घंटे तक चले इस बेहद संवेदनशील और जटिल ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों ने सफलतापूर्वक CBD को एक्सप्लोर कर उसमें फंसे बड़े स्टोन को बाहर निकाल दिया। सफल सर्जरी के बाद मरीज की हालत पूरी तरह से स्थिर और खतरे से बाहर बताई जा रही है। वर्तमान में महिला को अस्पताल के वार्ड में डॉक्टरों की विशेष देखरेख में रखा गया है।


जिले के मरीजों के लिए बड़ी राहत और स्वास्थ्य क्षेत्र में नई मिसाल 

चिकित्सकों ने बताया कि पित्त नली में स्टोन होना अत्यंत गंभीर स्थिति मानी जाती है, जिसमें समय पर इलाज न मिलने पर मरीज को कई जटिलताओं का सामना करना पड़ सकता है। भोजपुर सदर अस्पताल में इस तरह की आधुनिक व जटिल सर्जरी का सफल होना जिले के मरीजों के लिए बहुत बड़ी राहत की बात है। इससे अब गरीब और जरूरतमंद मरीजों को महंगे इलाज के लिए बड़े शहरों या निजी अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।


आशीष की रिपोर्ट