Bihar Crime : आरा में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग से दहशत, बाइक सवार बदमाशों ने भीड़भाड़ वाले इलाके में उड़ाई सोने की चेन

Bihar Crime :

अपराधियों को पकड़ने की चुनौती- फोटो : ASHISH

ARA : भोजपुर के आरा शहर में अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस ने एक बार फिर पुलिस-प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के पॉश और भीड़भाड़ वाले इलाके में दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने एक व्यक्ति के गले से सोने की चेन झपटी और फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी देखी जा रही है।मामला नवादा थाना क्षेत्र के पश्चिमी ओवरब्रिज से जुड़ा है। जानकारी के मुताबिक तिलक नगर निवासी एक व्यक्ति अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए इलाके में पहुंचे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश अचानक उनके करीब पहुंचे और मौका मिलते ही उनके गले पर झपट्टा मारकर चेन छीन ली।पीड़ित के मुताबिक घटना इतनी तेजी से हुई कि वह कुछ समझ पाते, इससे पहले ही अपराधी बाइक से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद आसपास मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई।

घटना स्थल की संवेदनशीलता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पश्चिमी ओवरब्रिज के आसपास का इलाका काफी भीड़भाड़ वाला बताया जाता है। इसके पास ही वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय और कैथोलिक मिशन स्कूल जैसे प्रमुख संस्थान मौजूद हैं। ऐसे स्थान पर दिन के समय सरेआम चेन छीनकर अपराधियों का फरार हो जाना सुरक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती माना जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में लोगों की आवाजाही लगातार बनी रहती है, इसके बावजूद घटना के वक्त कोई प्रभावी पुलिस निगरानी या सुरक्षा कर्मी मौके पर नजर नहीं आया। यही वजह है कि अपराधियों का मनोबल बढ़ने को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। घटना के बाद पीड़ित व्यक्ति ने नवादा थाने में आवेदन देकर पुलिस से कार्रवाई और न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस अब घटना की जानकारी जुटाने और बदमाशों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की इस घटना ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि अब उन्हें सड़क पर पैदल चलने में भी डर महसूस होने लगा है। लोगों को आशंका रहती है कि पता नहीं कब और कहां अपराधी वारदात को अंजाम दे दें।स्थानीय लोगों के मुताबिक यदि भीड़भाड़ वाले इलाके में दिन के उजाले में चेन स्नैचिंग हो सकती है, तो सुनसान या कम निगरानी वाले इलाकों की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है। लोगों ने पुलिस से नियमित गश्त बढ़ाने और प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

रिपोर्ट- आशीष कुमार