Bharat Bhushan Tiwari Encounter: भरत भूषण तिवारी केस में हंगामा, गांव पहुंची मेडिकल टीम को लौटना पड़ा, जानें वजह
Bharat Bhushan Tiwari Encounter: आरा सदर अस्पताल के सीएस शिवेंद्र कुमार सिन्हा ने बताया कि भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले में बिलौटी गांव भेजी गई मेडिकल टीम को कुछ लोगों ने वापस भेज दिया।
Bharat Bhushan Tiwari Encounter: आरा सदर अस्पताल के सिविल सर्जन शिवेंद्र कुमार सिन्हा ने भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि बिलौटी गांव में ज्यादा भीड़ और तेज गर्मी को देखते हुए वहां एक मेडिकल टीम भेजी गई थी। सीएस के अनुसार, मेडिकल टीम का मकसद भरत भूषण तिवारी के परिवार के लोगों और गांव के अन्य लोगों की लगातार स्वास्थ्य जांच करना था, ताकि किसी को भी स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानी होने पर तुरंत मदद दी जा सके।
वहां पहुंचने के बाद मेडिकल टीम को परेशानी का सामना करना पड़ा। सीएस ने बताया कि गांव के कुछ लोगों ने मेडिकल टीम को वहां से हटा दिया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग मेडिकल टीम से बहस करने लगे और उनसे पूछने लगे कि वे वहां किसके कहने पर आए हैं। लोगों ने मेडिकल टीम से वहां से वापस जाने के लिए कहा।
मेडिकल टीम को लौटना पड़ा
स्थिति को देखते हुए मेडिकल टीम को वहां से लौटना पड़ा। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने इस मामले पर नजर बनाए रखी है। शाहपुर रेफरल अस्पताल के प्रभारी को निर्देश दिया गया है कि बिलौटी गांव की स्थिति पर लगातार नजर रखें और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी व्यक्ति को स्वास्थ्य से जुड़ी कोई परेशानी न हो। सीएस शिवेंद्र कुमार सिन्हा ने कहा कि जरूरत पड़ने पर आरा से फिर मेडिकल टीम भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीम हमेशा सेवा के लिए तैयार है और लोगों की स्वास्थ्य सुरक्षा उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्य सेवा देना उनका धर्म है और जरूरत पड़ने पर हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
रिपोर्टर आशीष कुमार भोजपुर आरा