Bharat Tiwari Encounter: भरत तिवारी पर जिस STF ने गोली चलाई, वही जांच टीम के साथ आई, आयोग के सामने फूट पड़ा मां का दर्द, उठाए गंभीर सवाल
Bharat Tiwari Encounter: जांच टीम के साथ पहुंचे एसटीएफ जवानों को देखकर मृतक की मां आशा देवी भावुक हो गईं और उन्होंने कड़ा एतराज जताते हुए न्याय की गुहार लगाई।...
Bharat Tiwari Encounter: भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में चर्चित भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मामले की जांच के लिए गठित आयोग बुधवार को गांव पहुंचा, जहां घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और मृतक के परिजनों का बयान दर्ज किया गया। इस दौरान जांच टीम के साथ पहुंचे एसटीएफ जवानों को देखकर मृतक की मां आशा देवी भावुक हो गईं और उन्होंने कड़ा एतराज जताते हुए न्याय की गुहार लगाई।
पटना हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश विनोद कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में गठित जांच आयोग ने बिलौटी गांव पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। आयोग ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और भरत तिवारी के परिजनों से मुलाकात कर उनका पक्ष सुना।
जांच के दौरान भरत तिवारी की मां आशा देवी ने अपने बेटे की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस एसटीएफ की कार्रवाई में उनके बेटे की जान गई, उसी टीम के लोग जांच आयोग के साथ पहुंचे थे। इसे लेकर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि उनके बेटे के कथित हत्यारों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए और पूरे मामले की जांच सीबीआई से कराई जानी चाहिए।
आशा देवी ने यह भी बताया कि उनके परिवार के खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस ले ली गई है। उन्होंने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है, लेकिन निष्पक्ष जांच तभी संभव है जब मामले की जांच किसी स्वतंत्र केंद्रीय एजेंसी को सौंपी जाए। उनका कहना था कि उन्हें किसी तरह की सहायता नहीं चाहिए, केवल बेटे को न्याय और दोषियों को कड़ी सजा चाहिए।
भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर पहले से ही प्रदेश में सियासी और सामाजिक बहस जारी है। अब जांच आयोग के गांव पहुंचने और परिजनों का पक्ष दर्ज करने के बाद इस बहुचर्चित मामले की जांच ने नया मोड़ ले लिया है। आयोग की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।