Bhojpur love affair: शादी से इंकार बना मौत की वजह! भोजपुर में युवती ने उठाया खौफनाक कदम

Bhojpur love affair: भोजपुर के कोईलवर में प्रेमी के शादी से इंकार करने पर 19 वर्षीय युवती ने जहर खा लिया। हालांकि, इलाज के दौरान सदर अस्पताल में युवती की मौत हो गई।

युवती की मौत से परिवार में मातम- फोटो : freepik

Bhojpur love affair:  भोजपुर जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र से एक दुखद मामला सामने आया है। कोईलवर नगर में मंगलवार शाम एक 19 साल की युवती ने कथित तौर पर जहर खा लिया। परिवार वालों ने उसे तुरंत इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार में मातम छा गया।

मृतका की पहचान कोईलवर नगर वार्ड नंबर-9 निवासी सुनील चौधरी की बेटी अंजली कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अंजली का एक युवक के साथ प्रेम संबंध था। जब उसने युवक से शादी की बात की, तो उसने शादी से मना कर दिया। इसी बात से आहत होकर युवती ने जहर खा लिया।

पटना में नानी के घर शादी समारोह के दौरान मुलाकात

परिवार के अनुसार, करीब एक साल पहले पटना में नानी के घर शादी समारोह के दौरान अंजली की मुलाकात अरवल निवासी एक युवक से हुई थी। वहीं से दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और बाद में दोनों एक-दूसरे से प्रेम करने लगे। इस बीच परिवार वालों ने अंजली की शादी कहीं और तय कर दी थी। अगले साल 27 मार्च को उसकी शादी होनी थी। मृतका की बहन गुड़िया कुमारी ने बताया कि अंजली कई बार कहती थी कि वह अपने प्रेमी से ही शादी करना चाहती है। वहीं कभी वह परिवार की पसंद से शादी करने की बात भी मान लेती थी। परिवार वालों का कहना है कि वे उसकी इच्छा के अनुसार ही शादी कराने को तैयार थे।

परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा

अंजली ने जब  अपने प्रेमी से शादी की बात की तो युवक ने साफ कहा कि वह सिर्फ प्रेम करेगा, लेकिन शादी नहीं करेगा। यह बात सुनकर अंजली काफी परेशान हो गई। गुस्से और दुख में उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिवार वाले उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अंजली अपने दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटी थी। घर में मां मधु देवी, भाई पंकज कुमार और आकाश कुमार तथा बहन गुड़िया कुमारी हैं। बेटी की मौत के बाद मां और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

आरा से आशीष की रिपोर्ट